Dehradun देहरादून : बीती शनिवार देर रात जनपद में हुई मूसलाधार बारिश से गंगोत्री हाईवे करीब चार स्थानों पर दस घंटे तक बंद रहा। वहीं दूसरी ओर यमुनोत्री हाईवे पालीगाड से ओजरी के समीप नदी-नाले उफान पर आने के कारण पांच स्थानों पर सड़क का करीब 20 से 30 मीटर हिस्सा बह गया है।
प्रशासन की ओर यमुनोत्री धाम की यात्रा पर आए लगभग 850 यात्रियों को सुरक्षित स्थानों पर रोका गया है। शनिवार देर रात हुई मूसलाधार बारिश के कारण गंगोत्री हाईवे नेताला सहित लालढांग, बिशनपुर और डबराणी और सोनगाड के बीच में चार स्थानों पर बंद हो गया था। मौके पर पहुंची बीआरओ की मशीनों ने बिशनपुर और लालढांग के समीप करीब तीन घंटे की मशक्कत के बाद आवाजाही शुरू करवाई।
वहीं दूसरी ओर नेताला के समीप करीब छह घंटे बाद मलबे को हटाकर आवाजाही शुरू करवाई गई। साथ ही डबराणी और सोनगाड के बीच में आवाजाही शुरू करवाने के लिए बीआरओ को 10 घंटे तक कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। इस दौरान यात्रियों को सुरक्षित स्थानों पर रोकने के बाद आवाजाही शुरू करवाई गई।
Tags: