बस्ती में प्रतिमा विसर्जन के दौरान युवक की डूबने से मौत
दुबौलिया में प्रतिमा विसर्जन के दौरान युवक की मौत
बस्ती: उत्तर प्रदेश के बस्ती जिले में प्रतिमा विसर्जन के दौरान गहरे पानी में डूबने से एक युवक की मौत हो गई। घटना मंगलवार, 20 अक्टूबर को दुबौलिया थाना क्षेत्र के परखती स्थित बरुआ बाबा स्थान पर हुई। वहां मौजूद लोगों और पुलिस ने युवक को पानी से बाहर निकाला। परिजन उसे अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
मृतक की पहचान तिनपेडिया पुरवा निवासी शुड्डू चौधरी, पुत्र रामलौट चौधरी के रूप में हुई है। रिपोर्ट के मुताबिक, प्रतिमा विसर्जन के दौरान वह गहरे पानी में डूब गया। उसे डूबता देखकर आसपास मौजूद लोगों ने शोर मचाया और बचाने की कोशिश शुरू की। पुलिस तथा स्थानीय लोगों की मदद से उसे बाहर निकाला गया, लेकिन उसकी जान नहीं बच सकी।
शुड्डू अपने परिवार का इकलौता बेटा था। उसके पिता का करीब दो वर्ष पहले निधन हो चुका था। युवक की मौत से परिवार को गहरा आघात पहुंचा है।