फतेहपुर जिले में शादी के नौ दिन बाद हादसे में युवक की मौत, बहनोई-भाई घायल

Update: 2024-05-06 13:02 GMT
फतेहपुर : फतेहपुर जिले के बहुआ में शादी के नौ दिन बाद सड़क हादसे में युवक की मौत हो गई। हादसे में बहनोई और चचेरे भाई भी घायल हुए। नवविहाहिता का हाल बेहाल है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। ललौली थाना क्षेत्र के समदपुर निवासी सुरेश पाल का पुत्र प्रमोद पाल (29) अपने चचेरे भाई रविकरन (20) और थरियांव थाने के एकारी निवासी बहनोई शुभम पाल (28) के साथ बहुआ से रविवार रात बाइक से घर जा रहा था।
 जमेनी पेट्रोल पंप के पास किसी वाहन की टक्कर से बाइक सवार तीनों घायल हो गए। ग्रामीणों की सूचना पर एंबुलेंस पहुंची। तीनों को गाजीपुर सीएचसी में भर्ती कराया गया। डाक्टर ने प्रमोद पाल को मृत घोषित कर दिया। गंभीर घायल चचेरे भाई रविकरन पाल और जीजा शुभम पाल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। दोनों की हालत नाजुक देखकर डॉक्टर ने कानपुर हैलट रेफर कर दिया। प्रमोद पाल की शादी 27 अप्रैल को मूसेपुर गांव की महादेव पाल की बेटी सीमा के साथ हुई थी।
शादी के महज नौ दिन में नवविवाहिता का सुहाग मिट गया। हादसे से मां सुंदरिया और पत्नी सीमा, बहन मनोरमा देवी का हाल बेहाल है। वह भाइयों मनोज पाल, विनोद पाल, रजोल पाल से छोटा था। मुंबई में कपड़े का व्यापार करता था। वह 15 अप्रैल को मुंबई से गांव लौटा था। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। प्रभारी निरीक्षक तारकेश्वर राय ने बताया कि हादसा किस वाहन से हुआ है, इसका पता लगाया जा रहा है। तहरीर के अनुसार कार्रवाई की जाएगी। पुलिस के मुताबिक बाइक प्रमोद चलाए था। वह हेलमेट लगाए होता तो शायद उसकी जान बच सकती थी।
Tags:    

Similar News