सपा सरकार पर योगी का हमला, बोले- पहले लूटा गया सरकारी खजाना

Update: 2026-07-15 14:42 GMT

Lucknow लखनऊ :   मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दावा किया है कि उत्तर प्रदेश में भाजपा के नेतृत्व वाली एनडीए सरकार लगातार तीसरी बार सत्ता में वापसी करेगी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने पिछले नौ वर्षों में कानून-व्यवस्था, अर्थव्यवस्था, कृषि, निवेश और बुनियादी ढांचे के क्षेत्र में बड़े बदलाव किए हैं। मुख्यमंत्री बुधवार को लखनऊ में आयोजित एक निजी न्यूज चैनल के विशेष कॉन्क्लेव में बोल रहे थे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2017 से पहले उत्तर प्रदेश पहचान, सुरक्षा और विकास के संकट से जूझ रहा था, लेकिन पिछले नौ वर्षों में प्रदेश ने देश की अग्रणी अर्थव्यवस्थाओं में अपनी अलग पहचान बनाई है। उन्होंने कहा कि सरकार के कामकाज और रिपोर्ट कार्ड जनता के सामने हैं और अब जनता को फैसला करना है।

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में डबल इंजन सरकार ने उत्तर प्रदेश के विकास को नई गति दी है। उन्होंने कहा कि विकसित उत्तर प्रदेश की परिकल्पना को केवल डबल इंजन की सरकार ही पूरा कर सकती है। मुख्यमंत्री ने दावा किया कि यूपी में पहली बार कोई सरकार लगातार तीसरी बार रिपीट होगी और एनडीए इस बार हैट्रिक लगाएगा।

पूर्वांचल एक्सप्रेसवे का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने पिछली सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि पूर्वांचल एक्सप्रेसवे परियोजना पहले 15,200 करोड़ रुपये की लागत से प्रस्तावित थी, लेकिन सरकार बदलने के बाद समीक्षा में पता चला कि जमीन तक उपलब्ध नहीं थी। इसके बाद टेंडर रद्द किया गया और दो साल में जमीन की व्यवस्था की गई। उन्होंने कहा कि 2018 तक 90 प्रतिशत जमीन उपलब्ध हो गई और इसके बाद 15,200 करोड़ रुपये की परियोजना का टेंडर घटकर करीब 11,800 करोड़ रुपये रह गया।

मुख्यमंत्री ने आबकारी नीति का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि पिछली सरकारों के दौरान प्रदेश को आबकारी से करीब 12 हजार करोड़ रुपये की आय होती थी, जबकि सरकार ने नीति में बदलाव कर इसे बढ़ाकर करीब 63 हजार करोड़ रुपये तक पहुंचाया है।

कानून-व्यवस्था पर बोलते हुए योगी आदित्यनाथ ने कहा कि 2017 से पहले त्योहारों के समय प्रदेश में तनाव और कर्फ्यू की स्थिति बन जाती थी, लेकिन अब सभी समुदायों के त्योहार शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो रहे हैं। उन्होंने विपक्ष पर राम मंदिर को लेकर राजनीति करने का आरोप लगाया।

अयोध्या में राम मंदिर ट्रस्ट से जुड़े मामले पर मुख्यमंत्री ने कहा कि यह एक स्वतंत्र ट्रस्ट है और सरकार को उसमें सीधे हस्तक्षेप का अधिकार नहीं है। हालांकि, ट्रस्ट के अनुरोध पर राज्य सरकार ने एसआईटी गठित की थी। उन्होंने कहा कि जांच रिपोर्ट के बाद कार्रवाई की गई और दोषियों की गिरफ्तारी हुई। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस मामले को लेकर अयोध्या और हिंदू आस्था को बदनाम करना उचित नहीं है।

योगी ने कहा कि धार्मिक स्थलों के विकास से स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी फायदा पहुंचा है। उन्होंने कहा कि अयोध्या और प्रयागराज जैसे स्थानों पर बढ़ी गतिविधियों से फूल बेचने वालों, रिक्शा चालकों, होटल और टैक्सी संचालकों की आय बढ़ी है।

विपक्ष पर हमला बोलते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि कुछ परिवारों ने समृद्धि को अपना अधिकार समझ लिया है और वे आम लोगों की परेशानियों को नहीं समझ सकते। उन्होंने विपक्षी नेताओं पर विदेश यात्राओं को लेकर भी सवाल उठाए और कहा कि जनता उनके कामों को समझ रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश अब विकास, सुरक्षा और निवेश के क्षेत्र में नई पहचान बना रहा है और सरकार का लक्ष्य प्रदेश को देश की सबसे मजबूत अर्थव्यवस्थाओं में शामिल करना है।

Tags:    

Similar News