गोरखपुर : उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शुक्रवार को महायोगी गोरखनाथ विश्वविद्यालय गोरखपुर के पांचवें स्थापना दिवस समारोह में शामिल होंगे। विश्वविद्यालय के कुलाधिपति के रूप में सीएम योगी समारोह में विद्यार्थियों से संवाद करेंगे और उन्हें शिक्षा, करियर तथा जीवन में सफलता को लेकर मार्गदर्शन देंगे।

स्थापना दिवस समारोह को लेकर विश्वविद्यालय परिसर में विशेष तैयारियां की गई हैं। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के अलावा विश्वविद्यालय के अधिकारी, शिक्षक और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहेंगे।
पांच साल में शिक्षा के क्षेत्र में बढ़ा विश्वविद्यालय
महायोगी गोरखनाथ विश्वविद्यालय की स्थापना वर्ष 2021 में हुई थी। पांच वर्षों की छोटी अवधि में विश्वविद्यालय ने शिक्षा, चिकित्सा और रोजगारपरक पाठ्यक्रमों के क्षेत्र में विस्तार किया है। विश्वविद्यालय में एमबीबीएस, बीएएमएस समेत कई रोजगार आधारित पाठ्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं। संस्थान ने शोध और तकनीकी शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए कई संस्थाओं के साथ समझौते भी किए हैं।
छात्रों को मिलेगा सफलता का मंत्र
स्थापना दिवस समारोह में सीएम योगी छात्रों को संबोधित करते हुए उन्हें मेहनत, अनुशासन और लक्ष्य के प्रति समर्पण का संदेश देंगे। विश्वविद्यालय प्रबंधन के अनुसार, मुख्यमंत्री विद्यार्थियों को बदलते समय के अनुरूप कौशल विकास और नवाचार पर ध्यान देने के लिए प्रेरित करेंगे।
मेधावी छात्रों का होगा सम्मान
समारोह के दौरान विभिन्न क्षेत्रों में बेहतर प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित भी किया जाएगा। स्थापना दिवस के तहत आयोजित साहित्यिक, सांस्कृतिक और खेल प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्रों को पुरस्कार दिए जाएंगे।
गोरखपुर को नॉलेज सिटी बनाने की दिशा में कदम
महायोगी गोरखनाथ विश्वविद्यालय को गोरखपुर को शिक्षा और ज्ञान के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित करने की योजना से जोड़कर देखा जा रहा है। विश्वविद्यालय का लक्ष्य गुणवत्तापूर्ण और रोजगारपरक शिक्षा को बढ़ावा देना है। सीएम योगी की मौजूदगी वाले इस स्थापना दिवस समारोह को विश्वविद्यालय के लिए महत्वपूर्ण अवसर माना जा रहा है। छात्रों को उनके संबोधन और मार्गदर्शन का इंतजार है।

Tags: