लखनऊ: दिल्ली के व्यापारी से करोड़ों का सोना लूटने वाले जिस जौनपुर पुलिस के सिपाही विनय शंकर की तलाश लखनऊ पुलिस को है, वह सोशल मीडिया इनफ्लुएंसर भी है. इंस्टाग्राम पर विनय शंकर के एक मिलियन से ज्यादा फॉलोअर हैं और वह अलग-अलग नाम से तीन अकाउंट चलाता है.
Work smart Not hard... ये लाइन यूपी पुलिस के सिपाही विनय शंकर ने अपने इंस्टाग्राम पेज पर फोटो के साथ लिखकर डाली है. उसी विनय की तलाश अब लखनऊ पुलिस कर रही है.
आपको बता दें कि विनय शंकर रायबरेली के बछरावां थाना क्षेत्र का रहने वाला है. उत्तर प्रदेश पुलिस में कांस्टेबल विनय मौजूदा समय में जौनपुर के लाइन बाजार थाने में तैनात है. काम तो खाकी पहन कर जनता की सेवा और पुलिस का मान बढ़ाने का था लेकिन उसकी करतूत ने खाकी को बदनाम कर दिया. सोशल मीडिया के इंस्टाग्राम पर विनय शंकर तीन अकाउंट चलाता है. Victor vinay/ crazy vinay और up62jaunpur. जिसपर लाखों फॉलोअर्स हैं.
सोशल मीडिया पर पुलिस के काम से ज्यादा विनय शंकर ने अपनी रील और फोटो पोस्ट की है. पुलिसिंग से किसी भी आम आदमी की मदद के नाम पर एक भी पोस्ट नजर नहीं आई है. इतना ही नहीं उसने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर अपना व्हाट्सएप नंबर भी पब्लिक किया है. महंगी गाड़ियों का शौकीन लेटेस्ट आईफोन के साथ सोशल मीडिया सेंसेशन बने सिपाही विनय शंकर को अब लखनऊ पुलिस तलाश रही है.
बता दे दिल्ली के व्यापारी महेंद्र दास से हुई करोड़ों के सोने की लूट का असली मास्टरमाइंड जौनपुर पुलिस का सिपाही विनय शंकर ही था. जिसने लखनऊ में तैनात साथी सिपाही दुर्गेश कुशवाहा और कस्टम के सिपाही अविनाश शाही के साथ मिलकर वर्दी पहनकर व्यापारी से लूट को अंजाम दिया था.
सोशल मीडिया पर 1 मिलियन से अधिक फॉलोअर वाला विनय शंकर पुलिस अफसरों की लापरवाही का भी नतीजा था. डीजीपी मुख्यालय से सोशल मीडिया को लेकर समय-समय पर दिशा निर्देश जारी किए गए लेकिन जिले में तैनात अफसरों की अनदेखी का फायदा उठाकर विनय सोशल मीडिया पर जहां सेंसेशन बना था तो वहीं दूसरी तरफ वो 'Work smart not hard' के स्लोगन से करोड़ों की लूट को स्मार्टली अंजाम दिया था.
लखनऊ पुलिस के जेसीपी लॉ आर्डर बबलू कुमार का कहना है कि विनय शंकर के पकड़े जाने के बाद पता चलेगा कि इस तरह से पहले कितनी घटनाओं को अंजाम दिया गया है. फिलहाल, जांच पड़ताल चल रही है. कुछ आरोपी पकड़े जा चुके हैं.
Tags: