गणतंत्र दिवस पर यूरोपीय प्रतिनिधिमंडल का दौरा और व्यापार समझौता देश की समृद्धि के लिए अहम: आरएसएस नेता

Update: 2026-01-27 17:13 GMT
Lucknow लखनऊ: राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के कार्यकारी सदस्य इंद्रेश कुमार ने कहा है कि इस बार के गणतंत्र दिवस पर यूरोपीय प्रतिनिधिमंडल का भारत दौरा और उनके साथ हुए व्यापार समझौते देश की समृद्धि और विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं। इंद्रेश कुमार ने आईएएनएस से बातचीत में बताया, "असलियत यह है कि यह प्रतिनिधिमंडल और समझौता भारत के लिए विकास, आर्थिक उन्नति और नागरिकों की भलाई के दृष्टिकोण से प्रभावी साबित होंगे। यह न सिर्फ व्यापारिक संबंधों को मजबूत करेगा, बल्कि नए अवसर और निवेश भी आकर्षित करेगा। 

उन्होंने आगे कहा कि गणतंत्र दिवस के अवसर पर यह पहल विशेष महत्व रखती है क्योंकि यह अंतरराष्ट्रीय सहयोग और भारत की वैश्विक पहचान को बढ़ाने में मदद करती है। उन्होंने कहा, "यूरोप के साथ बढ़ते संबंध भारतीय उद्योग और व्यापार के लिए नए दरवाजे खोलेंगे। इससे रोजगार के अवसर बढ़ेंगे और हमारी अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी। आरएसएस नेता ने यह भी कहा कि यह पहल राजनीतिक और आर्थिक दोनों दृष्टिकोण से लाभकारी है। उन्होंने संकेत दिया कि भविष्य में इस तरह के व्यापारिक और सांस्कृतिक सहयोग और भी बढ़ सकते हैं। 

इंद्रेश कुमार ने जोर देकर कहा कि देश की स्थिरता, समृद्धि और वैश्विक मंच पर सम्मान सुनिश्चित करने के लिए ऐसे कदम बेहद जरूरी हैं। उनका कहना है कि गणतंत्र दिवस का यह अवसर केवल देशभक्ति का प्रतीक नहीं, बल्कि भारत की वैश्विक अर्थव्यवस्था में हिस्सेदारी और प्रगति को दर्शाने वाला भी महत्वपूर्ण अवसर है। उन्होंने व्यापार समझौते को न केवल आर्थिक लाभ का साधन बताया, बल्कि इसे दूरगामी रणनीति का हिस्सा भी बताया। उनका मानना है कि इससे भारतीय उद्योगों को नई तकनीक, निवेश और व्यापार में सहयोग मिलेगा। आरएसएस के अनुसार, इस प्रकार की पहल देश में स्थायी विकास, नवाचार और निवेश आकर्षण को बढ़ावा देती है और गणतंत्र दिवस के महत्व को और भी व्यापक बनाती है।
Tags:    

Similar News