नशे में तमंचा लेकर हंगामा करने वाला विजय सोनी गिरफ्तार
तमंचे से खुद पर फायर करने वाला आरोपी गिरफ्तार
झांसी: उत्तर प्रदेश के झांसी स्थित मऊरानीपुर थाना क्षेत्र में शराब के नशे में अवैध तमंचा लेकर गाली-गलौज करने वाले युवक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की पहचान विजय सोनी निवासी दुबे चौक, थाना मऊरानीपुर के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके कब्जे से एक अवैध तमंचा और एक खोखा कारतूस बरामद किया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक झांसी के निर्देशन में अपराध एवं अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने बुधवार को यह कार्रवाई की। आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेजने की कार्रवाई की गई।
पूरे प्रकरण की जानकारी देते हुए क्षेत्राधिकारी मऊरानीपुर रत्नेश्वर सिंह ने बताया कि 10 नवंबर को मऊरानीपुर थाना पुलिस को एक सीसीटीवी फुटेज मिला था। इसमें विजय सोनी शराब के नशे में गाली-गलौज करते हुए हाथ में अवैध तमंचा लेकर जाता दिखाई दे रहा था। फुटेज सामने आने के बाद पुलिस ने मामले की गहनता से जांच शुरू की।
जांच में पता चला कि आरोपी ने उसी अवैध तमंचे से खुद पर ही फायर किया था। इसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया और तमंचा व खोखा कारतूस बरामद कर लिया।
पुलिस का कहना है कि मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।