33 मुकदमों वाला वाहन चोर गिरफ्तार, चोरी की 12 गाड़ियां मिलीं

Update: 2026-07-15 12:30 GMT

Noida नोएडा :   थाना फेस-1 पुलिस ने दोपहिया वाहन चोरी करने वाले एक अंतर्राज्यीय शातिर चोर को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर चोरी की 10 मोटरसाइकिल, एक स्कूटी और एक मोटरसाइकिल का चेचिस बरामद किया है। इसके साथ ही पुलिस ने मामले में एक बाल अपचारी को भी अभिरक्षा में लिया है। पुलिस का दावा है कि आरोपी दिल्ली-एनसीआर क्षेत्र में सक्रिय वाहन चोर गिरोह का सदस्य है।

एडीसीपी नोएडा मनीषा सिंह ने बताया कि 15 जुलाई 2026 को थाना फेस-1 पुलिस टीम ने मैनुअल इंटेलिजेंस और गोपनीय सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए आरोपी आशु ढेढा पुत्र स्वर्गीय सुखबीर सिंह को गिरफ्तार किया। पुलिस ने उसे बर्ड सेंचुरी अंडरपास के पास से पकड़ा। पूछताछ के बाद आरोपी की निशानदेही पर चोरी किए गए कुल 12 दोपहिया वाहन बरामद किए गए।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, बरामद वाहनों में 10 मोटरसाइकिल, एक स्कूटी और एक मोटरसाइकिल का चेचिस शामिल है। जांच के दौरान एक मोटरसाइकिल के संबंध में जिपनेट के माध्यम से जानकारी जुटाई गई, जिसमें पता चला कि यह वाहन दिल्ली के थाना ईस्ट विनोद नगर क्षेत्र से चोरी किया गया था। पुलिस ने बरामद वाहनों के संबंध में अन्य थानों से भी जानकारी जुटानी शुरू कर दी है।

पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी का आपराधिक इतिहास काफी लंबा है। उत्तर प्रदेश पुलिस के यक्ष ऐप और गाण्डीव पोर्टल पर रिकॉर्ड खंगालने पर आरोपी के खिलाफ पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज पाए गए। पुलिस के मुताबिक, आरोपी के खिलाफ दिल्ली, गाजियाबाद और गौतमबुद्धनगर के विभिन्न थानों में चोरी सहित अन्य अपराधों के 33 मुकदमे दर्ज हैं।

पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह दिल्ली, गाजियाबाद और नोएडा के अलग-अलग इलाकों में पहले वाहनों की रेकी करता था। इसके बाद मौका मिलते ही दोपहिया वाहन चोरी कर लेता था। चोरी किए गए वाहनों को वह सुनसान स्थानों या सेक्टरों में खड़ी अन्य गाड़ियों के बीच छिपाकर रखता था, जिससे किसी को शक न हो।

आरोपी ने बताया कि चोरी के वाहनों को वह बाद में कबाड़ियों या राह चलते लोगों को मजबूरी का बहाना बनाकर बेच देता था। इन वाहनों से मिलने वाली रकम को वह अपने साथियों के साथ बांट लेता था और निजी खर्चों में इस्तेमाल करता था। पुलिस अब आरोपी के अन्य साथियों और चोरी के नेटवर्क की जानकारी जुटाने में लगी है।

थाना फेस-1 पुलिस का कहना है कि आरोपी से पूछताछ के आधार पर चोरी की अन्य घटनाओं का भी खुलासा होने की संभावना है। पुलिस टीम यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी ने अब तक कितने वाहनों की चोरी की है और इस गिरोह में कौन-कौन लोग शामिल हैं।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि वाहन चोरी की घटनाओं पर रोक लगाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई है। बरामद वाहनों को उनके वास्तविक मालिकों तक पहुंचाने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। वहीं आरोपी के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।

Tags:    

Similar News