Varanasi: शादी के छठे दिन ही पत्नी की हत्या

आरोपी पति गिरफ्तार

Update: 2025-05-18 06:12 GMT

वाराणसी: चौबेपुर थाना क्षेत्र के अमौली गांव में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां शादी के महज छह दिन बाद ही एक पति ने अपनी पत्नी की बेरहमी से हत्या कर दी। 44 वर्षीय आरोपी पति राजू पाल ने पारिवारिक विवाद के चलते पत्नी आरती पाल (26) की लाठी से पीट-पीटकर जान ले ली।

घटना गुरुवार रात की है। झगड़े के बाद राजू ने आरती पर लाठी से हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आरती को नरपतपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

थाना प्रभारी जगदीश कुशवाहा ने बताया कि आरोपी राजू को गिरफ्तार कर लिया गया है और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

पुलिस के मुताबिक आरती और राजू की शादी नौ मई को हुई थी। यह राजू की तीसरी शादी थी। उसकी पहले की दो शादियां टूट चुकी थीं। शादी के बाद से ही पति-पत्नी के बीच विवाद शुरू हो गया था, जो आखिरकार इस खौफनाक अंजाम तक पहुंच गया।

गांव में इस वारदात के बाद मातम पसरा हुआ है और लोग हैरान हैं कि विवाह की खुशियां इतनी जल्दी मातम में कैसे बदल गईं।

Tags:    

Similar News