Varanasi: अहिल्याबाई होलकर की 300वीं जयंती पर वाराणसी में स्वच्छता अभियान का आयोजन हुआ
महिला सफाई मित्रों को किया सम्मानित
वाराणसी: अहिल्या बाई होलकर की 300वीं जयंती के अवसर पर वाराणसी में दो दिवसीय महासफाई अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत अंतिम दिन, पूरे शहर में विशेष सफाई अभियान चलाया। इस अभियान के जरिए शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाने का प्रयास किया गया। साथ ही महिला सफाई मित्रों को सम्मानित भी किया गया।
दूसरे दिन के अभियान के तहत चौक, लेढ़ूपुर, रामनगर, ईश्वरगंगी, सर्किट हाउस, खजुरी, शास्त्री चौक रामनगर, बलुआबीर, कोतवाली, भुज मंदिर, सुखमय विहार कॉलोनी, और मीरापुर बसही क्षेत्र में व्यापक सफाई की गई। नगर निगम की टीमों ने सड़कों, गलियों, और सार्वजनिक स्थानों को साफ किया। अभियान के दौरान महिला सफाई मित्रों को सफाई उपकरण किट वितरित किए गए।
नगर निगम ने रानी अहिल्या बाई मंदिर में मूर्ति और परिसर की विशेष सफाई कराई। इसके बाद मूर्ति पर माल्यार्पण कर अहिल्या बाई होलकर को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। सफाई अभियान का नेतृत्व जोनल स्वच्छता अधिकारी रवि चन्द्र निरंजन ने किया। नगर निगम के समस्त स्वास्थ्य निरीक्षकों ने मिलकर इस अभियान को संचालित किया, जिससे शहर के विभिन्न क्षेत्रों में स्वच्छता सुनिश्चित की जा सके।