Varanasi: दूल्लहपुर-सादात के बीच विद्युतीकरण कार्य पूरा हुआ

26 मार्च को होगा स्पीड ट्रायल

Update: 2025-03-25 04:29 GMT

वाराणसी: रेलवे प्रशासन द्वारा यात्रियों की सुविधाओं में वृद्धि, परिचालन में सुगमता और ट्रेनों की गति बढ़ाने के उद्देश्य से पूर्वोत्तर रेलवे के वाराणसी मंडल में औड़िहार-भटनी रेलखंड के दोहरीकरण परियोजना के अंतर्गत दूल्लहपुर-जखनियां-सादात (18.51 किमी) सेक्शन का विद्युतीकरण कार्य सफलतापूर्वक पूरा कर लिया गया है। विद्युतीकरण कार्य पूरा होने के बाद 24 मार्च 2025 को प्रमुख मुख्य विद्युत इंजीनियर संजय सिंघल ने संरक्षा निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान उपस्थित अधिकारी: इस दौरान रेल विकास निगम लिमिटेड (RVNL) के मुख्य परियोजना प्रबंधक एसपीएस यादव, वरिष्ठ मंडल विद्युत इंजीनियर (कर्षण) आरएन सिंह, मंडल विद्युत इंजीनियर (कोचिंग) रामदयाल सहित रेलवे एवं निगम के अन्य इंजीनियर व कर्मचारी उपस्थित थे। संजय सिंघल ने दूल्लहपुर, जखनियां और सादात स्टेशनों सहित ब्लॉक सेक्शन का निरीक्षण कर यार्ड प्लान, न्यूट्रल सेक्शन, पावर सब-स्टेशन, स्टेशन वर्किंग रूल, हाई टेंशन ओवरहेड क्रॉसिंग, विद्युत सिग्नलिंग, ट्रैक्शन अर्थिंग ट्रैक, ओवरहेड ट्रैक्शन का तनाव और ऊंचाई, ब्लॉक ओवरलैप, (SSP) स्टेशन पावर सप्लाई वितरण प्रणाली, फेल सेफ प्रणाली और नियंत्रण फीडर आइसोलेशन का बारीकी से परीक्षण किया। उन्होंने सभी कार्यों को मानक के अनुरूप पाया।

25-26 मार्च को संरक्षा निरीक्षण और स्पीड ट्रायल

रेल संरक्षा आयुक्त (उत्तर पूर्व सर्किल) प्रणजीव सक्सेना द्वारा 25 और 26 मार्च 2025 को मुख्य प्रशासनिक अधिकारी (निर्माण) अभय कुमार गुप्ता, मंडल रेल प्रबंधक विनीत कुमार श्रीवास्तव और मुख्यालय एवं मंडल के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ दूल्लहपुर-सादात खंड का संरक्षा निरीक्षण किया जाएगा। इसके बाद 26 मार्च 2025 को पूरी गति से स्पीड ट्रायल किया जाएगा।

रेलवे प्रशासन ने आम जनता से अपील की है कि निरीक्षण और स्पीड ट्रायल के दौरान नव-दोहरीकृत रेलपथ के आसपास न जाएं और न ही अपने बच्चों अथवा पशुओं को वहां जाने दें। यह सुरक्षा के दृष्टिकोण से खतरनाक हो सकता है।

Tags:    

Similar News