Moradabad मुरादाबाद : स्वार कोतवाली क्षेत्र के मीरापुर गांव की मुरसलीन (40) को उत्तराखंड के ऊधमसिंहनगर जिले के गदरपुर थाना क्षेत्र के ग्राम धीमरखेड़ा में पति ने पारिवारिक विवाद के चलते चाकू से गोद कर लहूलुहान कर दिया।
परिजन गंभीर हालत में उसे पीएचसी गदरपुर लेकर पहुंचे, जहां से रुद्रपुर के जिला अस्पताल ले जाया गया। चिकित्सक ने उसे देखते ही मृत घोषित कर दिया। विवाहिता की मौत से मायके में मातम पसरा हुआ है। मृतका के भाई की तहरीर के आधार पर गदरपुर थाने की पुलिस ने पति, ससुर और दो देवरों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। स्वार कोतवाली के मीरापुर गांव निवासी निसार हुसैन की बेटी मुरसलीन की शादी लगभग 15 साल पहले उत्तराखंड के गदरपुर थाना अंतर्गत धीमरखेड़ा गांव निवासी शादाब के साथ हुई थी।
इनकी तीन संतान हुईं, जिसमें सबसे बड़ी बेटी अनाविया(11), बेटा अहद(10) और बेटा तेजान(8) हैं। आरोप है कि पति शादाब शनिवार रात करीब 9 बजे नशे की हालत में घर आया और खाने को लेकर पत्नी मुरसलीन से कहासुनी हो गई। विवाद इतना बढ़ गया कि शादाब ने रसोई से चाकू लाकर मुरसलीन के पेट पर एक के बाद एक चार प्रहार किए, जिससे वह लहूलुहान हो गई। घटना को अंजाम देकर शादाब घर से भाग गया। घर में मौजूद बच्चों ने चीख पुकार मचा दी, जिसके चलते परिवार के लोग आ गए। वह तत्काल घायल को गदरपुर पीएचसी ले गए, जहां से रुद्रपुर के जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। जिला अस्पताल के चिकित्सक ने देखते ही उसे मृत घोषित कर दिया।
आरोप है कि करीब एक साल पहले भी शादाब ने उस पर जानलेवा हमला किया था। गदरपुर थाना प्रभारी मुकेश मिश्रा व सीओ विभव सैनी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने मृतक के बच्चों से घटना के संबंध में जानकारी जुटाई। पुलिस ने पोस्टमार्टम कराने के बाद शव मायकेवालों को सौंप दिया। रविवार की शाम लगभग छह बजे उसे सुपुर्देखाक कर दिया गया। इस बीच मायके समेत गांव में मातम पसरा हुआ है। मुरसलीन की हत्या के मामले में उसके भाई इस्तेकार निवासी मीरापुर की ओर से पति समेत चार लोगों को नामजद करते हुए गदरपुर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है, जिसमें कहा गया है कि उसकी बहन का दहेज के लिए उत्पीड़न किया गया। ससुरालियों उनसे रुपये की मांग कर रहे थे, जिसे पूरा न करने पर बहन की चाकू से गोद कर हत्या की गई। रिपोर्ट में पति शादाब, ससुर नवाब हुसैन और देवर नदीम व समद के नाम शामिल हैं।
Tags: