Under-15 बॉक्सिंग में उत्तर प्रदेश का परचम, अनिक बाबरा बने चैंपियन

बड़ी उपलब्धि दिलाई है।

Update: 2026-07-02 12:38 GMT

Saharanpur सहारनपुर :  पंजाब के जालंधर स्थित लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी में 22 से 29 जून तक आयोजित 5वीं अंडर-15 सब जूनियर राष्ट्रीय बालक बॉक्सिंग प्रतियोगिता में उत्तर प्रदेश के युवा मुक्केबाज अनिक बाबरा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किया। इसके साथ ही उन्होंने प्रतिष्ठित “बेस्ट बॉक्सर” का खिताब भी जीतकर प्रदेश और जिले का नाम रोशन किया।

इस ऐतिहासिक उपलब्धि के बाद सहारनपुर लौटने पर जिला प्रशासन की ओर से अनिक बाबरा और उनके कोच प्रवीन कुमार का भव्य सम्मान किया गया। जिलाधिकारी अरविंद कुमार चौहान ने दोनों को सम्मानित करते हुए उनके उज्जवल भविष्य की कामना की और इस उपलब्धि को जिले के लिए गर्व का क्षण बताया।क्रीड़ा अधिकारी राहुल चोपड़ा ने जानकारी देते हुए बताया कि मूल रूप से मेरठ निवासी अनिक बाबरा वर्तमान में सहारनपुर स्थित डॉ. भीमराव अंबेडकर स्पोर्ट्स स्टेडियम में बॉक्सिंग प्रशिक्षक प्रवीन कुमार के मार्गदर्शन में नियमित प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि अनिक की मेहनत और अनुशासन ने उन्हें यह बड़ी उपलब्धि दिलाई है।

उन्होंने यह भी बताया कि लगभग 25 वर्षों के बाद उत्तर प्रदेश के किसी मुक्केबाज ने राष्ट्रीय सब जूनियर बॉक्सिंग प्रतियोगिता में “बेस्ट बॉक्सर” का खिताब हासिल किया है, जो राज्य के खेल इतिहास में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है।इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी प्रशासन संतोष बहादुर सिंह, एसपी सिटी व्योम बिंदल, नगर मजिस्ट्रेट कुलदीप सिंह, उप जिलाधिकारी सदर सुबोध प्रधान सहित कई प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे। सभी ने अनिक बाबरा और उनके कोच प्रवीन कुमार को बधाई दी और उनके उज्जवल भविष्य की कामना की।

जिला बॉक्सिंग एसोसिएशन के पदाधिकारियों और खेल से जुड़े अन्य सदस्यों ने भी इस उपलब्धि पर खुशी जताई। उन्होंने कहा कि यह सफलता जिले के अन्य युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा का कार्य करेगी।अनिक बाबरा की इस उपलब्धि से न केवल सहारनपुर बल्कि पूरे उत्तर प्रदेश में खेल प्रेमियों के बीच उत्साह का माहौल है। कोच प्रवीन कुमार ने भी कहा कि यह जीत लगातार मेहनत और सही प्रशिक्षण का परिणाम है, और भविष्य में अनिक और भी बड़े स्तर पर देश का नाम रोशन करेंगे।

Tags:    

Similar News