उत्तर-प्रदेश: सोते समय वृद्ध दंपत्ति की हत्या, सिर पर चोट के मिले निशान
पढ़े पूरी खबर
गोंडा जिले के इटियाथोक थाना क्षेत्र के बेलवरिया गांव में सोते समय एक वृद्ध दंपत्ति हत्या का मामला प्रकाश में आया है। घटना के पीछे मुकदमों की रंजिश बताई जा रही है। मृतकों के सिर पर पुलिस को चोट के निशान मिले हैं। घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद अपर पुलिस अधीक्षक शिवराज ने बताया कि बेलवरिया गांव निवासी 75 वर्षीय जाकिर मोहम्मद व उनकी 70 वर्षीय पत्नी ननका गांव के बाहर बने अपने मकान के एक कमरे में सो रहे थे। यहीं पर उनकी हत्या कर दी गई। मृतकों के सिर पर चोट के निशान मिले हैं। प्रथम दृष्टया यह मामला मुकदमों के रंजिश में हुई बताई जा रही है।
घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों की सूचना पर इटियाथोक, धानेपुर व खरगूपुर की पुलिस को मौके पर तैनात किया गया है। एएसपी ने बताया कि डाग स्क्वायड व फॉरेंसिक टीम भी घटनास्थल की जांच कर रही है। शव को पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है। परिजनों की ओर से अभी तक तहरीर नहीं दी गई है। हालांकि परिजन घटना में नामजद तहरीर देने की बात कह रहे हैं। तहरीर मिलते ही एफआईआर दर्ज कर आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की जाएगी। संभावित आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम को लगाया गया है। जल्द ही घटना का राजफाश किया जाएगा। दूसरी ओर वृद्ध दंपति की हत्या से पूरे गांव में सनसनी फैली हुई है। बड़ी संख्या में आसपास के गांव के लोग वहां जमा हो रहे हैं।