उत्तर प्रदेश: विकसित भारत के संकल्प को गांव-गांव पहुंचाएगा सिंचाई विभाग

Update: 2026-05-31 16:48 GMT
Lucknow लखनऊ। उत्तर प्रदेश सरकार ने सिंचाई, जल संरक्षण और किसानों से जुड़ी योजनाओं को गांव-गांव तक पहुंचाने के लिए 5 जून से 21 जून तक प्रदेशव्यापी जनजागरूकता अभियान चलाने का फैसला किया है। इस दौरान पदयात्रा, प्रदर्शनी, किसान संवाद, जनप्रतिनिधियों के साथ बैठकें और विभिन्न जनसंपर्क कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
रविवार को सिंचाई विभाग मुख्यालय में आयोजित बैठक में जलशक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने अधिकारियों को अभियान की रूपरेखा पर आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के लक्ष्य को आगे बढ़ाने के लिए सरकारी योजनाओं और उपलब्धियों की जानकारी अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना जरूरी है।
मंत्री ने बताया कि सिंचाई एवं जल संसाधन विभाग कृषि विकास, जल सुरक्षा, सिंचाई सुविधाओं के विस्तार और किसानों की समृद्धि के लिए लगातार काम कर रहा है। इन प्रयासों की जानकारी लोगों तक पहुंचाने के लिए व्यापक अभियान चलाया जाएगा। अभियान की शुरुआत 5 जून को ‘एक पेड़ मां के नाम’ कार्यक्रम के साथ होगी। इसके तहत सिंचाई परियोजनाओं, राजकीय नलकूपों, नहरों के सुदृढ़ीकरण, जल संरक्षण, भूजल संवर्धन और आधुनिक सिंचाई तकनीकों की जानकारी किसानों और आम जनता को दी जाएगी।
राज्य मंत्री दिनेश खटीक और रामकेश निषाद ने भी अधिकारियों को विभागीय उपलब्धियों और किसानों के हित में चल रही योजनाओं का प्रभावी प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए। वहीं प्रमुख सचिव सिंचाई अनिल गर्ग ने जिला स्तर पर किसान गोष्ठियों, जनसंवाद कार्यक्रमों और प्रदर्शनियों के आयोजन पर जोर दिया।
Tags:    

Similar News