उत्तर प्रदेश : दस घंटे बाद मिली बिजली, लोग बेहाल

Update: 2022-07-07 13:33 GMT

जनता से रिश्ता वेबडेस्क : ऊर्जा सचिव और पावर कॉरपोरेशन के चेयरमैन एम. देवराज के जाते ही बिजली कटौती शुरू हो गई। मंगलवार रात से शहर की बिजली व्यवस्था चौपट हो गई। साकेतनगर कॉलोनी में ट्रांसफार्मर की भूमिगत केबिल पंक्चर हो गई। इससे लगभग 40 घरों में दस घंटे तक आपूर्ति बाधित रही।

उपकेंद्र पर स्थानीय लोगों की सूचना के बाद कर्मचारियों ने फाल्ट खोजने का काफी प्रयास किया लेकिन असफल रहे। रात में फाल्ट लोकेटर मंगाने की लोगों की मांग को अधिकारियों ने अनसुना कर दिया। बुधवार लोकेटर मशीन से फाल्ट खोजा गया। इसके बाद मरम्मत शुरू हुई। लगभग दस घंटे बाद आपूर्ति शुरू हुई। इस बीच लोग गर्मी से बेहाल रहे। हुकुलगंज में दो घंटे आपूर्ति ठप रही। दैत्रावीर बाबा मंदिर के पास ओवरलोड के चलते दो बार एबीसी में आग लग गई। कर्मचारियों को बनाने में दो घंटे लग गए। बेनियाबाग के समीप सुबह लगभग आठ बजे एबीसी टूट कर गिर गया। इससे 40 मिनट तक बिजली कटी रही। सिगरा स्टेडियम के पीछे छित्तूपुर में बीती रात एक घंटे बिजली गुल रही। तरना उपकेंद्र से जुड़े कई इलाकों में रातभर बिजली का आना जाना लगा रहा। बताया जाता है कि ओवरलोडिंग के चलते फीडर ट्रिप कर रहे थे। लोड कम होने पर आपूर्ति सुचारु हुई।
source-hindustan


Tags:    

Similar News

-->