ब्रेकिंग न्यूज़: हरदोई। देहात कोतवाली क्षेत्र के हरदोई-लखनऊ मार्ग पर खेतुई गांव के पास बुधवार रात करीब 10 बजे अज्ञात वाहन ने बाइक सवार को टक्कर मार दी। हादसे में युवक की मौके पर मौत हो गई। उसके भाई का साढ़ू गंभीर रूप से घायल हो गया। राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को एंबुुलेंस से जिला अस्पताल भेजा। गांव भुड़वा साहुलपुर निवासी रमाकांत (22) मजदूर था। वह बुधवार को अपने भाई ऋषिकांत की ससुराल बघौली के गांव पाट कुइयां गया था। जहां से देर रात भाई के साढ़ू अनिल (26) के साथ वह बाइक से घर वापस लौट रहा था। हरदोई-लखनऊ मार्ग पर खेतुई गांव के पास पीछे से आए अज्ञात वाहन ने उसकी बाइक में टक्कर मार दी।
हादसे में रमाकांत सड़क पर जा गिरा। इस दौरान वह वाहन के पहिये के नीचे आ गया। उसकी मौके पर ही मौत हो गई। बाइक चला रहा अनिल हेलमेट लगाए था। वह गंभीर रूप से घायल हो गया। राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को एंबुलेंस से जिला अस्पताल भेजा। मृतक के पास मिले मोबाइल से हादसे की सूचना उसके परिजनों को दी। कुछ ही देर में परिजन मौके पर आ गए। मृतक अविवाहित व तीन भाइयों में छोटा था। कोतवाल गंगेश शुक्ला ने बताया कि परिजनों की तरफ से तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।