सहारनपुर : उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले में डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा क्षतिग्रस्त किए जाने का मामला सामने आया है। गंगोह थाना क्षेत्र के ग्राम लखनौती स्थित अंबेडकर पार्क में स्थापित प्रतिमा शुक्रवार देर शाम टूटी हुई मिली। घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों में नाराजगी फैल गई और बड़ी संख्या में लोग मौके पर एकत्र हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी घटनास्थल पहुंचे।
प्रतिमा क्षतिग्रस्त मिलने पर ग्रामीणों में नाराजगी
जानकारी के अनुसार, लखनौती गांव में अंबेडकर पार्क के लिए जमीन आवंटित है, जहां बाबा साहेब की प्रतिमा स्थापित की गई थी। अज्ञात लोगों द्वारा प्रतिमा को नुकसान पहुंचाए जाने की जानकारी मिलने के बाद ग्रामीणों ने विरोध जताया। ग्रामीणों ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई, नई प्रतिमा की स्थापना और पार्क की चारदीवारी बनवाने की मांग की।
पुलिस ने दर्ज किया केस, तीन टीमें गठित
एसपी देहात मयंक पाठक ने बताया कि डायल 112 के माध्यम से घटना की सूचना मिली थी। इसके बाद वरिष्ठ अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए तीन पुलिस टीमों का गठन किया गया है। घटना के बाद ग्रामीण नई प्रतिमा स्थापित करने की मांग पर अड़े रहे। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने उन्हें समझाया तथा नई प्रतिमा लगवाने का आश्वासन दिया। स्थानीय रिपोर्ट के अनुसार, प्रशासन ने शुक्रवार रात ही नई प्रतिमा स्थापित कराने की प्रक्रिया शुरू करा दी थी। एहतियात के तौर पर गांव में पुलिस बल और पीएसी तैनात की गई है। फिलहाल पुलिस प्रतिमा क्षतिग्रस्त करने वालों की पहचान करने में जुटी है। प्रशासन ने ग्रामीणों से शांति व्यवस्था बनाए रखने की अपील की है।
Tags: