Lucknow लखनऊ। उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (UPPSC) की सबसे बड़ी भर्ती परीक्षाओं में से एक सम्मिलित राज्य/प्रवर अधीनस्थ सेवा (PCS) और सहायक वन संरक्षक (ACF)/क्षेत्रीय वन अधिकारी (RFO) प्रारंभिक परीक्षा का आयोजन कल, 12 अक्टूबर 2025 को पूरे प्रदेश में किया जाएगा। परीक्षा दो पालियों में आयोजित होगी। पहली पाली सुबह 9:30 बजे से 11:30 बजे और दूसरी पाली दोपहर 2:30 बजे से शाम 4:30 बजे तक होगी। इस वर्ष परीक्षा प्रदेश के 75 जिलों में 1,435 केंद्रों पर आयोजित की जा रही है, जिसमें करीब 6.26 लाख अभ्यर्थी शामिल होंगे। आयोग ने एडमिट कार्ड पहले ही जारी कर दिए हैं। जिन अभ्यर्थियों ने अभी तक डाउनलोड नहीं किया है, वे uppsc.up.nic.in
से रजिस्ट्रेशन नंबर आदि विवरण दर्ज कर हॉल टिकट डाउनलोड कर सकते हैं। अभ्यर्थियों को परीक्षा शुरू होने से कम से कम 90 मिनट पहले केंद्र पहुंचना होगा। ई-प्रवेश पत्र का प्रिंटआउट और आधार, पैन, वोटर आईडी या पासपोर्ट जैसे वैध फोटो पहचान पत्र अनिवार्य हैं। अगर एडमिट कार्ड में छपी फोटो में अंतर है, तो अभ्यर्थी दो पासपोर्ट साइज फोटो साथ लेकर जाएँ।
परीक्षा केंद्रों पर मोबाइल फोन, स्मार्ट घड़ी या किसी भी इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस की अनुमति नहीं है। आयोग ने धोखाधड़ी और अनुचित साधन के उपयोग के खिलाफ सख्त चेतावनी जारी की है। उत्तर प्रदेश सार्वजनिक परीक्षा (अनुचित साधनों का निवारण) अधिनियम, 2024 के तहत दोषी पाए जाने पर अभ्यर्थी को 1 करोड़ रुपए तक का जुर्माना, आजीवन कारावास, और आयोग की परीक्षाओं से ब्लैकलिस्टिंग का सामना करना पड़ सकता है। आयोग ने सभी अभ्यर्थियों से परीक्षा को अनुशासित और निष्पक्ष तरीके से देने की अपील की है।