Uttar Pradesh उत्तरप्रदेश : पुलिस ने गुरुवार को बताया कि यहां एक गांव में 38 वर्षीय महिला और उसकी आठ वर्षीय बेटी की कथित तौर पर जहरीला पदार्थ खाने से मौत हो गई।
क्षेत्राधिकारी सत्येंद्र तिवारी ने बताया, "मृतकों की पहचान सोनी देवी पत्नी सुरेंद्र यादव और उनकी बेटी लक्ष्मी के रूप में हुई है। वे कौशांबी जिले के पथरांवा गांव के निवासी थे।" पुलिस के अनुसार, सोनी देवी ने बुधवार रात कथित तौर पर अपनी बेटी को कीटनाशक खिलाया और फिर खुद भी खा लिया। उसकी बड़ी बेटी काजल ने घटना की जानकारी अपनी दादी को दी, जिसके बाद मां और बेटी को गंभीर हालत में जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां गुरुवार को इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
क्षेत्राधिकारी ने बताया कि सोनी देवी के चार बच्चे हैं: काजल (15), सनी (13), लक्ष्मी (8) और सौरभ (6)। उन्होंने बताया कि काजल ने पुलिस को बताया कि उसके पिता कई सालों से राजस्थान के कोटा में मजदूरी कर रहे हैं। वह तीन महीने पहले घर आए थे और घटना से तीन दिन पहले ही कोटा लौटे थे।
काजल ने यह भी बताया कि बुधवार रात करीब 11 बजे उसके माता-पिता के बीच फोन पर बहस हुई थी, जिसके बाद उसकी मां ने अपनी छोटी बहन को जहर खिलाने के बाद खुद भी जहर खा लिया। सीओ ने बताया कि महिला के पति को मौत की सूचना दे दी गई है और वह राजस्थान से आ रहा है। उन्होंने बताया कि शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले की जांच की जा रही है।
Tags: