Uttar Pradesh उत्तर प्रदेश। 2025-26 की दूसरी तिमाही (Q2) में भारत की जीडीपी 8.2 प्रतिशत बढ़ने की जानकारी मिलने के बाद उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री जयवीर सिंह ने दवासियों को बधाई दी और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में लिए गए आर्थिक निर्णयों की सराहना की। मंत्री ने कहा कि यह वृद्धि देश की मजबूत आर्थिक नींव और वैश्विक स्तर पर भारत की बढ़ती भूमिका को दर्शाती है। जयवीर सिंह ने पत्रकारों से बातचीत में कहा, “मैं पूरे देश के लोगों को इस उपलब्धि पर बधाई देता हूं। पीएम मोदी के नेतृत्व में किए गए नीतिगत सुधार, निवेश प्रोत्साहन और वित्तीय स्थिरता के कदमों ने इस आर्थिक विकास में अहम भूमिका निभाई है। आज भारत न केवल एक विकसित अर्थव्यवस्था की दिशा में अग्रसर है, बल्कि वैश्विक आर्थिक मंच पर अपनी पहचान भी मजबूत कर रहा है।”
उन्होंने बताया कि उद्योग और निर्माण क्षेत्र में क्रमशः 9 प्रतिशत और 7.2 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है, जबकि सेवाक्षेत्र में 9.2 प्रतिशत का उच्च वृद्धि दर देखा गया। वित्त, रियल एस्टेट और प्रोफेशनल सर्विसेज़ क्षेत्रों में लगभग 10.2 प्रतिशत की बढ़त ने आर्थिक विकास को गति दी है। कृषि क्षेत्र में 3.5 प्रतिशत स्थिर वृद्धि के साथ ही निजी अंतिम उपभोग व्यय (Private Final Consumption Expenditure) 7.9 प्रतिशत बढ़ा।
मंत्री जयवीर सिंह ने कहा कि यह आर्थिक प्रदर्शन केवल आंकड़ों का परिणाम नहीं है, बल्कि सरकार द्वारा समय पर किए गए सुधारों और योजनाओं की सफलता का प्रतीक भी है। उन्होंने जोर देकर कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में आर्थिक सुधारों, निवेश योजनाओं और बुनियादी ढांचे के विकास ने देश को आर्थिक महाशक्ति के पथ पर अग्रसर किया है।
जयवीर सिंह ने व्यापारिक और निवेशिक समुदाय को भी संबोधित करते हुए कहा कि उद्योग और व्यवसाय के लिए अवसर बढ़ रहे हैं और यह वृद्धि रोजगार सृजन, उत्पादन और निर्यात में भी सहायक होगी। उन्होंने जनता से अपील की कि आर्थिक सुधारों और योजनाओं में सरकार के साथ सहयोग करें ताकि विकास का लाभ सभी वर्गों तक पहुंचे।
मंत्री ने यह भी बताया कि उत्तर प्रदेश में राज्य सरकार केंद्रीय नीतियों का समर्थन करते हुए स्थानीय उद्योगों, कृषि और सेवा क्षेत्रों में निवेश बढ़ाने पर ध्यान दे रही है। उन्होंने कहा कि Q2 की यह वृद्धि भविष्य में देश और राज्य के लिए और भी सकारात्मक संकेत देती है और आने वाले वर्षों में भारत आर्थिक रूप से वैश्विक महाशक्ति बनने की दिशा में मजबूत कदम बढ़ा रहा है।