Kanpur कानपूर : कभी मनोरंजन के लिए खेला गया ऑनलाइन गेम कब प्यार की गहराइयों तक पहुंच गया, किसी को भनक तक नहीं लगी। पंजाब के लुधियाना से करीब 893 किलोमीटर का सफर तय कर एक युवक अपनी ऑनलाइन प्रेमिका से मिलने महोबा पहुंच गया।
हालांकि, इस मामले में पुलिस ने लुधियाना से आए प्रेमी के खिलाफ शांतिभंग की कार्रवाई कर उसे वापस भेज दिया है। दरअसल, शहर के एक मोहल्ले की महिला की दोस्ती एक साल पहले लुधियाना के युवक शिवम से एक ऑनलाइन गेम के जरिये हुई थी। गेमिंग चैट से शुरू हुई बातचीत कब दिल की बात बन गई, दोनों को भी नहीं पता चला। धीरे-धीरे प्यार परवान चढ़ा और युवक सीधे महोबा पहुंच गया।
लेकिन महिला शादीशुदा थी। हालांकि, शिवम का दावा है कि उसका पति उसे रोज मारता-पीटता है, खाना नहीं देता और ससुराल वाले भी चुप रहते हैं। उधर, महिला का कहना है अब इस रिश्ते में दम नहीं बचा। मैं तलाक चाहती हूं और शिवम के साथ जिंदगी बिताना चाहती हूं। वहीं, पति का आरोप है कि पत्नी ने उसे ड्रम में भरने समेत अन्य घटनाओं की बात कहते हुए उसके भी 55 टुकड़े करने की धमकी दी थी। बात बढ़ी तो मोहल्ले में बवाल मच गया। पुलिस को बीच-बचाव करना पड़ा। कोतवाली प्रभारी अर्जुन सिंह ने बताया कि युवक को शांतिभंग की कार्रवाई के तहत समझाकर वापस लुधियाना भेज दिया गया है। महिला फिलहाल यहीं है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।