Uttar Pradesh उत्तर प्रदेश: कानपुर में एक उद्योगपति को पैसे न देने पर जान से मारने की धमकी मिली है। धमकी देने वाले ने कहा है कि अगर व्यापार करना है तो पैसे देने होंगे। उद्योगपति ने मना किया तो उसे जान से मारने की धमकी दी गई। इस संबंध में उद्यमी ने थाने में तहरीर दी है। मामला कोहना थाना क्षेत्र का है। इस संबंध में डीसीपी सेंट्रल ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। शुरुआती जांच में पता चला है कि उद्यमी की फैक्ट्री में काम करने वाला कर्मचारी उसे धमकी दे रहा है। जिसे कंपनी से निकाल दिया गया था। उत्तर प्रदेश के कानपुर में शुद्ध प्लस पान मसाला प्राइवेट लिमिटेड के मालिक दीपक खेमका पार्वती बागला रोड में रहते हैं। उनकी गिनती बड़े उद्योगपतियों में होती है। अपनी तहरीर में उन्होंने बताया कि पिछले शुक्रवार को फैक्ट्री जाते समय उनके मोबाइल पर धमकी भरा फोन आया।

दूसरी तरफ से बात करने वाले व्यक्ति ने कहा कि अगर व्यापार करना है तो एक नंबर दे रहा हूं, उस पर संपर्क करो। जो कहा जा रहा है वो करोगे तो सुरक्षित रहोगे। इसके बाद दो-तीन बार फोन आया। उसने पैसे देने से मना कर दिया। शुक्रवार को 11.30 बजे दूसरे नंबर से उसे धमकी मिली कि तुमने मना करके अच्छा नहीं किया। अब देखो तुम्हारे साथ क्या होता है? कोहना थाना प्रभारी ने बताया कि तहरीर के आधार पर केस दर्ज कर लिया गया है। जिन नंबरों से कॉल आई थी, उनकी कॉल डिटेल रिपोर्ट निकलवाई जा रही है। डीसीपी सेंट्रल दिनेश त्रिपाठी ने बताया कि शुरुआती जांच में पता चला है कि जिस फैक्ट्री कर्मचारी को नौकरी से निकाला गया है, वह धमकी दे रहा है। जिन नंबरों से धमकी मिली थी, उनका सत्यापन कराया जा रहा है। फिलहाल मोबाइल स्विच ऑफ है। पूरे मामले की जांच की जा रही है।
Tags: