UP : ग्रीनफील्ड हाईवे पर भीषण सड़क हादसा, कानपुर के दो युवकों की मौत, एक घायल
Uttar Pradesh उत्तर प्रदेश: उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद–कानपुर ग्रीनफील्ड हाईवे पर सोमवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो युवकों की मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। तेज रफ्तार कार आगे चल रहे ट्रक में पीछे से जा घुसी, जिससे यह भीषण दुर्घटना हुई।
जानकारी के अनुसार, कानपुर नगर के थाना नवाबगंज क्षेत्र के लखनपुर सोसाइटी विकासनगर निवासी अंबर कटियार (पुत्र ब्रज कटियार) अपने दो दोस्तों विशाल सिंह राठौर (पुत्र दिनेश राठौर) और रौनक शुक्ला (पुत्र कृष्णकांत शुक्ला) के साथ सोमवार सुबह कार से कन्नौज की ओर निकले थे।
तीनों युवक सुबह करीब पांच बजे गाजियाबाद–कानपुर ग्रीनफील्ड हाईवे पर सदर कोतवाली क्षेत्र के मानीमऊ कस्बे के पास पहुंचे थे, तभी उनकी कार आगे चल रहे ट्रक में पीछे से टकरा गई। टक्कर इतनी तेज थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
हादसे में अंबर कटियार और विशाल सिंह राठौर की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं रौनक शुक्ला गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें स्थानीय लोगों की मदद से अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही सदर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और राहत व बचाव कार्य शुरू किया। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
सदर कोतवाली प्रभारी जितेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि हादसे की जानकारी परिजनों को दे दी गई है और मामले की जांच की जा रही है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और संभावित लापरवाही को हादसे का कारण माना जा रहा है।
उत्तर प्रदेश पुलिस का कहना है कि दुर्घटना के सही कारणों का पता लगाने के लिए आगे की जांच की जा रही है और हाईवे पर लगे सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं।