Uttar Pradesh उत्तर प्रदेश : दक्षिणी उत्तर प्रदेश में हो रही बारिश अब तेजी के साथ उत्तरी क्षेत्र की ओर बढ़ रही है। मौसम विभाग के अनुसार, रविवार और सोमवार को पूरे प्रदेश में झमाझम बारिश के आसार नजर आ रहे हैं।
तापमान में भी राहत मिलेगी। शनिवार को भी कई क्षेत्रों में बारिश हुई। कई जगह तेज हवा के बीच कहीं बूंदाबांदी तो कहीं तेज फुहारें पड़ीं। मौसम विभाग के अनुसार, दक्षिण उत्तर प्रदेश के मध्य भागों पर एक चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है और यह समुद्र तल से 1.5 किलोमीटर ऊपर तक फैला हुआ है।
आंचलिक मौसम विज्ञान विभाग के वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि मानसून की सक्रियता बढ़ने से प्रदेश में झमाझम बारिश के आसार हैं। रविवार और सोमवार को पूर्वी और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में लगभग सभी स्थानों पर वर्षा और गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है।
कहीं-कहीं मेघगर्जन के साथ बारिश की संभावना है। इसके अलावा एक से चार जुलाई तक प्रदेश के अनेक स्थानों पर वर्षा और गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने के आसार हैं।