UP Firing: प्लॉट पर कब्जा करने पर चलाई ताबड़तोड़ गोलियां, क्षेत्र में दहशत
UP Firing: दबंगों ने महिलाओं की आड़ में जबरन प्लॉट पर कब्जा कर निर्माण कराने की कोशिश की और विरोध करने पर प्लॉट मालिक और उसके दो बेटों पर फावड़े, लाठी-डंडों और चाकू से हमला कर घायल कर दिया। बीच बचाव करने आए लोगों पर भी हमला किया। भीड़ बढ़ने पर आरोपी फायरिंग करते हुए भाग गए। पीड़ित ने सुभाषनगर थाने में तहरीर दी है। सिठौरा के खेड़ा पाकड़ के पास रहने वाले पुष्पेंद्र कनौजिया के मुताबिक शांति विहार में उनका प्लॉट है।
गुरुवार शाम 4 बजे वह प्लॉट में बंधे कुत्तों को खाना खिलाने गए थे। तभी दूसरे पक्ष के दबंग परिवार की महिलाएं और 10-12 अज्ञात लोग लाठी-डंडे, तमंचे, फावड़ा और चाकू लेकर आ गए। उन्होंने प्लॉट पर कब्जा करने के लिए निर्माण शुरू कर दिया। विरोध करने पर उन पर हमला कर दिया। हमले में उनकी नाक कट गई। उनके बेटे सुमित और अंकित भी घायल हुए हैं। आरोपियों ने प्लॉट छोड़ने के लिए एक लाख रुपये की फिरौती मांगी है। पुष्पेंद्र के मुताबिक भीड़ बढ़ने पर आरोपी फायरिंग करते हुए भाग गए। लेकिन मारपीट के दौरान उसकी जेब में रखे 2500 रुपये, जरूरी दस्तावेज और सोने की चेन भी छीन ली।
पुलिस ने पीड़ित और उसके बेटों को मेडिकल के लिए भेजा है। इंस्पेक्टर सुभाष नगर धर्मेंद्र कुमार ने बताया कि पुष्पेंद्र और दूसरे पक्ष के गुरुवचन के बीच प्लॉट को लेकर विवाद है। गुरुवचन के पक्ष के लोगों ने पुष्पेंद्र पर हमला किया है। फायरिंग की कोई घटना नहीं हुई।