Unnao: बस पलटी, 1 महिला की मौत, 40 घायल

"दर्दनाक दुर्घटना में एक की जान गई"

Update: 2026-03-23 06:58 GMT

उन्नाव: जनपद में आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर एक बड़ा सड़क हादसा सामने आया है। बांगरमऊ कोतवाली क्षेत्र में एक प्राइवेट बस अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई और पलट गई, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, बस दिल्ली से एक मीटिंग में शामिल होकर लौट रही थी और उसमें एक मार्केटिंग कंपनी के कुल 52 लोग सवार थे। लखनऊ वापस आते समय अचानक बस का संतुलन बिगड़ गया और वह डिवाइडर से टकराकर पलट गई।

इस भीषण हादसे में एक महिला की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि करीब 40 यात्री घायल हो गए। घायलों में कई की हालत गंभीर बताई जा रही है।

सूचना मिलते ही पुलिस और राहत-बचाव टीम मौके पर पहुंची और घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया। गंभीर रूप से घायल लोगों को बेहतर इलाज के लिए रेफर किया गया है।

पुलिस ने मृतक महिला के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर बस की तेज रफ्तार और चालक का नियंत्रण खोना हादसे की वजह माना जा रहा है।

इस घटना के बाद एक्सप्रेसवे पर कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा। प्रशासन ने लोगों से वाहन चलाते समय सावधानी बरतने और गति नियंत्रण में रखने की अपील की है।

Tags:    

Similar News