तालाब किनारे दिखे दो मगरमच्छ, ग्रामीणों में दहशत, वन विभाग से रेस्क्यू की मांग
बहराइच: उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले में एक तालाब के किनारे दो मगरमच्छ दिखाई देने से ग्रामीणों में दहशत फैल गई है। घटना मिहींपुरवा क्षेत्र के गोपियां गांव स्थित टेपरा मजरे की है, जहां गुरुवार दोपहर आबादी के बीच बने तालाब में एक साथ दो मगरमच्छ नजर आए। दोनों मगरमच्छ तालाब के किनारे धूप सेंक रहे थे। जैसे ही ग्रामीणों को उनकी मौजूदगी की जानकारी मिली, पूरे गांव में हड़कंप मच गया। लोगों ने किसी अनहोनी की आशंका जताते हुए वन विभाग से मगरमच्छों को जल्द सुरक्षित पकड़ने की मांग की है। गोपियां गांव के टेपरा मजरे में आबादी के बीच एक तालाब स्थित है। गुरुवार दोपहर ग्रामीणों ने तालाब के किनारे दो मगरमच्छों को देखा। मगरमच्छों की तस्वीरें सामने आने के बाद आसपास रहने वाले लोगों में डर का माहौल बन गया। ग्रामीणों का कहना है कि तालाब के आसपास लोगों की नियमित आवाजाही होती है। ऐसे में मगरमच्छों की मौजूदगी से बच्चों, महिलाओं और मवेशियों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।