जमीन पर गिराकर ट्रैफिक दरोगा की वर्दी फाड़ी, आरोपी पकड़ा

Update: 2023-07-21 05:24 GMT

फिरोजाबाद । थाना उत्तर क्षेत्र अन्तर्गत गुरुवार को एक शख्स पर ट्रैफिक पुलिसकर्मी के साथ बदसलूकी व बीच-बचाव में आए दरोगा को सड़क पर गिराने व वर्दी फाड़ने का आरोप लगा है। युवक को हिरासत में ले लिया गया है। युवक ने खुद को वकील बताया है।

मामला उत्तर थाना क्षेत्र के सदर ब्लॉक का हैं, जहां पर हाईवे से गलत साइड वाहन जाने पर रोकने के लिए बैरियर लगाए गए हैं। यहां ट्रैफिक पुलिस भी तैनात रहती है। सीओ सिटी कमलेश कुमार ने बताया कि दिग्विजय सिंह नाम का एक युवक खुद को वकील बता रहा था, जो महावीर नगर थाना दक्षिण का रहने वाला है। वह गलत साइड से गाड़ी निकालने की कोशिश कर रहा था, तभी पुलिस ने उसे रोकने की कोशिश की। जिसको लेकर उसका सिपाही रविन्द्र से विवाद होने लगा। पुलिस ने उसे बैठा लिया। इसी दौरान उसने मौके पर मौजूद ट्रैफिक पुलिस के उप निरीक्षक पूरन सिंह के साथ धक्का-मुक्की की। इससे दारोगा जमीन पर गिर पड़े। इसके साथ ही उनकी वर्दी भी फाड़ दी।

सीओ सिटी कमलेश कुमार ने बताया कि सड़क सुरक्षा पखवाड़ा चल रहा है। इसलिए हादसों को रोकने के लिए गलत साइड चलने वाले लोगों को रोका जा रहा है। आरोपी युवक को हिरासत में ले लिया गया है। उसके खिलाफ सख्त करवाई की जायेगी। कानून तोड़ने की अनुमति किसी को नहीं दी जाएगी।

Tags:    

Similar News