Uttar Pradesh उत्तर प्रदेश : लखनऊ के सआदतगंज इलाके में अपनी बहन के साथ संदिग्ध अंतरधार्मिक संबंध के चलते 27 वर्षीय एक युवक की कथित तौर पर पीट-पीटकर हत्या करने के आरोप में पुलिस ने तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। एक अधिकारी ने बुधवार को यह जानकारी दी। पुलिस उपायुक्त (पश्चिम) विश्वजीत श्रीवास्तव ने बताया कि हिमालय प्रजापति (26), सोनू प्रजापति (27) और सौरभ प्रजापति (30) ने सोमवार रात अली अब्बास को अपनी 21 वर्षीय बहन से उसकी शादी के बारे में बात करने के बहाने अपने घर बुलाया और फिर लाठियों से उस पर हमला कर दिया, जिससे उसके सिर में गंभीर चोटें आईं।

कथित हमले की सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस मौके पर पहुँची और अब्बास को बेहोश पड़ा पाया। श्रीवास्तव ने बताया कि उसे ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया, लेकिन मंगलवार तड़के रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। अधिकारी ने कहा, "अब्बास के पिता आरिफ ज़मीर की शिकायत के आधार पर तीनों आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की धारा 103(1) (हत्या) के तहत मामला दर्ज किया गया है।"

डीसीपी ने बताया कि तीनों आरोपियों हिमालय, सौरभ और सोनू को गिरफ्तार कर लिया गया है और आगे की जांच जारी है।

Tags: