नोएडा में साइबर ठगी के तीन मामले, करीब 41 लाख रुपये गंवाने की शिकायत
व्हाट्सएप से संपर्क कर निवेश का झांसा, 17.39 लाख रुपये की ठगी का आरोप
नोएडा: कहीं शेयर बाजार में मोटे मुनाफे का भरोसा दिया गया तो कहीं डीमैट खाता खोलने के बहाने फोन लिया गया। गौतमबुद्धनगर में तीन लोगों ने अलग-अलग तरीकों से करीब 41 लाख रुपये की साइबर ठगी की शिकायत दर्ज कराई है। साइबर क्राइम थाना पुलिस तीनों मामलों की जांच कर रही है।
पुलिस उपायुक्त साइबर क्राइम शैव्या गोयल ने बताया कि ग्रेटर नोएडा वेस्ट निवासी रमेश चंद सोनी ने शिकायत में व्हाट्सएप के जरिए संपर्क करने वाले लोगों पर धोखाधड़ी का आरोप लगाया है। उनके अनुसार, आरोपियों ने शेयर बाजार में निवेश से अच्छा मुनाफा मिलने का भरोसा दिलाया। इसके बाद उन्होंने अलग-अलग खातों में कुल 17 लाख 39 हजार 843 रुपये भेज दिए।
रमेश के मुताबिक, ऐप पर उनकी निवेश की गई रकम बढ़ती हुई दिखाई दे रही थी। जब उन्होंने पैसे निकालने का प्रयास किया तो उन्हें ग्रुप से बाहर कर दिया गया। शिकायत के आधार पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज की है।
दूसरे मामले में छलेरा गांव निवासी अजय कुमार सिंह ने बताया कि अज्ञात लोगों ने टेलीग्राम के माध्यम से निवेश करने की सलाह दी। उनके झांसे में आकर उन्होंने नौ लाख 51 हजार 473 रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर किए। आरोप है कि रकम लेने के बाद उनके साथ धोखाधड़ी की गई।
तीसरी शिकायत प्रदीप राय ने दर्ज कराई है। उनके अनुसार, ऋषभ उर्फ मोहम्मद शरीफ नामक व्यक्ति घर आया और डीमैट खाता खोलने की बात की। इस दौरान उन्होंने अपना फोन उसे दे दिया। प्रदीप का आरोप है कि संबंधित व्यक्ति ने फोन का क्लोन बनाकर उनके बैंक खाते से करीब 14 लाख रुपये निकाल लिए।
डीसीपी ने बताया कि तीनों शिकायतों पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। पुलिस आरोपों और रकम के लेनदेन से जुड़े तथ्यों की पड़ताल कर रही है।