उदयराज हत्याकांड में तीन आरोपित गिरफ्तार, चोरी बना हत्या की वजह
चोरी छिपाने के लिए की उदयराज की हत्या, तीन आरोपित पकड़े गए
जौनपुर: उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले में सिकरारा थाना क्षेत्र स्थित भभौरी गोदाम चौराहे पर सोमवार काे हुई उदयराज यादव (50) की हत्या का पुलिस ने मंगलवार काे खुलासा कर दिया।चोरी करने पहुंचे चार दोस्तों को उदयराज ने देख लिया था। पहचान उजागर होने की डर से उन लाेगाें ने सिर पर वार करके उदयराज की हत्या कर दी थी।
अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण आतिश कुमार सिंह ने घटना का खुलासा करते हुए बताया कि उदयराज की हत्या में आकाश गौतम, शेर बहादुर, सूरज गौतम और रामू गौतम शामिल थे। पुलिस ने आकाश, शेर बहादुर और सूरज को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि रामू गौतम फरार है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम दबिश दे रही है।
पुलिस के मुताबिक, चारों आरोपिताें ने रविवार रात शराब पार्टी की थी। इसके बाद सभी चोरी करने के इरादे से भभौरी गोदाम चौराहे पर पहुंचे। इसी दौरान दुकान के सामने सो रहे उदयराज की नजर आरोपिताें पर पड़ गई। उन चाराें काे आशंका थी कि उदयराज उन्हें पहचान गया है। इसके बाद उन्होंने उसके सिर पर ठोस वस्तु से वार कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। सुबह घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच की।
दुकान मालिक हिमांशु सेठ ने पुलिस को बताया कि उन्होंने करीब पांच महीने पहले दुकान किराये पर ली थी। सोमवार सुबह हत्या की सूचना मिलने पर वह मौके पर पहुंचे तो दुकान के तीन ताले टूटे मिले। हालांकि, दुकान से कोई सामान चोरी नहीं हुआ था।