मुजफ्फरनगर में बाढ़ से हजारों बीघा फसलें बर्बाद

Update: 2023-07-17 05:27 GMT

मुजफ्फरनगर। जिले में बाढ़ के कारण लोग त्राहिमाम-त्राहिमाम कर रहे है। चारो तरफ पानी ही पानी नजर आ रहा है जिसका परिणामस्वरुप हजारों बीघा फसले नष्ट हो चुकी है और बाकी बची फसले नष्ट होने के कगार पर है। बाढ़ प्रभावित इलाकों में राहत कार्य हेतु एक तरफ जिला प्रशासन अपनी हर संभव कोशिश करने में जुटा है तो वहीं दूसरी तरफ रविवार को केंद्रीय मंत्री ने आज खुद बाढ़ के पानी में उतर कर नष्ट हुई फसलों का जायजा लिया और किसानों को उचित मुआवजा दिलाए जाने का आश्वासन दिया।

आपको बता दें कि मुजफ्फरनगर से सटकर बह रही हिंडन नदी में बाढ़ आ गई है। बाढ़ के चलते चरथावल क्षेत्र के दर्जनों गांव में हिंडन नदी का पानी भर गया है। दूधली, बुड्ढाखेड़ा और कसौली सहित दर्जनों गांव की हजारों बीघा भूमि में फसलें पूरी तरह से बर्बाद हो गई। क्षेत्र का किसान हाहाकार कर रहा है। बाढ़ की जानकारी मिलते ही केंद्रीय राज्यमंत्री डॉ संजीव बालियान अधिकारियों की टीम लेकर क्षेत्र में पहुंचे। गांव वालों को साथ लेकर केंद्रीय राज्यमंत्री बाढ़ के पानी में उतर गए। उन्होंने हिंडन नदी किनारे दोनों ओर बाढ़ से बर्बाद हुई फसलों का जायजा लिया।

केंद्रीय राज्यमंत्री ने कहा कि वह बर्बाद हुई फसलों का आकलन कराकर मुख्यमंत्री से उचित मुआवजा दिलाने का प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा कि हिंडन नदी के दोनों ओर दो दो किलोमीटर दूर तक खेतों में कई कई फुट ऊंचा बाढ़ का पानी भर गया है। उन्होंने बताया कि दूधली गांव में ही किसानों की करीब तेरह सौ बीघा भूमि में फसलें पूरी तरह तबाह हो गई। उन्होंने बताया कि बाकी गांव का भी यही हाल है।

केंद्रीय राज्यमंत्री ने बताया कि बाढ़ के चलते दर्जनों संपर्क मार्ग पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गए हैं। बरसात के बाद उनका पुनर्निर्माण कराया जाएगा। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष डॉक्टर वीरपाल निर्वाल, ब्लॉक प्रमुख अक्षय पुण्डीर, सपना कश्यप, अशोक पुण्डीर, डॉक्टर विपिन त्यागी, बघरा ब्लॉक प्रमुख गौरव पंवार, एसडीएम सदर परमानन्द झा, जिला कृषि अधिकारी, प्रधान संगठन के जिला प्रभारी एवं अध्यक्ष अशोक पुण्डीर एवं सैंकडों किसानों के साथ बाढ़ क्षेत्रों का मौके पर जाकर जायजा लिया।

उन्होंने कहा कि सभी विभागों के अधिकारी रिपोर्ट तैयार करेंगे और जिन किसानों की फसल बर्बाद हुई है उसकी रिपोर्ट शासन को भेजी जाएगी और मुख्यमंत्री से निवेदन करके पीड़ित किसानों को उचित मुआवजा दिलाया जाएगा।

Tags:    

Similar News