UP का ये गांव शादी के रिश्तों से है दूर, पहचान बन चुकी है एक गंभीर समस्या
Sambhal संभल : संभल के सीतापुरी गांव में प्रवेश करने के लिए गंदे पानी से गुजरना पड़ता है। जल निकासी की व्यवस्था न होने से मुख्य मार्ग पर जलभराव रहता है जिससे ग्रामीण परेशान हैं। बारिश में स्थिति और भी खराब हो जाती है। गांव में बिजली के पोल भी नहीं हैं जिससे बांस के सहारे तार बंधे हैं और इस समस्या की शिकायत करने पर भी कोई सुनवाई नहीं हुई।
तहसील क्षेत्र में एक ऐसा गांव भी है, जिसमें प्रवेश करने के लिए आपको सबसे पहले गंदे पानी में पैर धोकर गुजरना पड़ता है, जो उस गांव की दिनचर्या बन गई है। जिस पर ध्यान न तो शासन का जा रहा है और न ही जनप्रतिनिधियों का।
विकास खंड संभल के गांव सीतापुरी की गंदगी पहचान बन गई। एक तरफ सरकार जहां स्वच्छता अभियान चलाकर गांव को स्वच्छ और साफ सुथरा रखने की अपील कर रही है, वहीं दूसरी तरफ अधिकारियों तथा जनप्रतिनिधियों की लापरवाही की वजह से गंदगी ही गांव की पहचान बन चुकी है।