चयनित अभ्यर्थियों के लिए यह बेहतरीन अवसर, सेवा के जरिए पाएं सम्मान : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ

Update: 2023-06-09 12:10 GMT

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को यहां लोकभवन में आयोजित कार्यक्रम के दौरान 7,182 सहायक नर्स दाई (एएनएम) को नियुक्ति पत्र वितरित किए। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने चयनित अभ्यर्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि जिस प्रकार से पारदर्शी व्यवस्था के तहत उनकी भर्ती हुई है, उसी प्रकार वे अपनी सेवाओं के माध्यम से एक कीर्तिमान स्थापित करें। आज का यह कार्यक्रम मिशन रोजगार एवं मिशन शक्ति का संगम है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि अधीनस्थ सेवा चयन आयोग को 7,182 एएनएम की पारदर्शी व्यवस्था के तहत भर्ती के लिए बधाई देता हूं। उन्होंने चयनित अभ्यर्थियों के लिए कहा कि बिना धरना-प्रदर्शन के आप सबने इंतजार किया। बधाई के पात्र हैं। सरकार ने सारी समस्याओं का हल निकालते हुए भर्ती पूरी की है। अब इसमें कोई रोड़ा नहीं डाल सकता। आपको कोर्ट के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। पिछले छह सालों में किसी भी प्रकार की भर्ती में भ्रष्टाचार को कोई जगह नहीं मिली। पूरी पारदर्शी प्रक्रिया के तहत छह लाख से अधिक भर्ती की गयी। कुछ लोगों की परेशानी यह है कि उनकी अनैतिक गतिविधियों को रोका गया है।

मुख्यमंत्री ने नव चयनित अभ्यर्थियों को बेहतरीन कार्य करने की नसीहत दी। उन्होंने कहा कि 2017 के पहले लोग रोना रोते थे कि डॉक्टर नहीं है। स्टाफ नहीं है। अब वह स्थिति नहीं है। आजादी से लेकर 2017 तक प्रदेश में 12 मेडिकल कॉलेज थे। आज प्रदेश में 59 मेडिकल कॉलेज बनकर तैयार हैं या तैयार होने को हैं। हर जिले में मेडिकल कॉलेज की स्थापना की जा रही है। यह आप सबको अवसर मिला है। बेहतरीन कार्य करके एक मॉडल प्रस्तुत कीजिए। समाज के लोग आपके प्रति सम्मान प्रकट करें। अपनी सेवाओं के माध्यम से ही यह कर सकते हैं।

उप मुख्यमंत्री और चिकित्सा शिक्षा एवं स्वास्थ्य मंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा कि योगी सरकार स्वास्थ्य विभाग को लगातार मजबूत कर रही है। एएनएम स्वास्थ्य विभाग की रीढ़ हैं। दवाओं और वैक्सीन की कोई कमी नहीं है। ईश्वर को साक्षी मानकर हमें काम करना होगा। स्वास्थ्य विभाग के बेहतर कार्य करने का ही नतीजा है कि मातृ शिशु मृत्यु दर में कमी आई है। लिंगानुपात सुधरा है। इस मौके पर मुख्य सचिव दुर्गा शंकर मिश्र, प्रमुख सचिव पार्थ सारथी सेन शर्मा समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

मुख्यमंत्री ने लोकभवन में आयोजित कार्यक्रम के दौरान सांकेतिक रूप से अनुपमा राय, आकांक्षा मिश्रा, रेनू सिंह, अंजली पाण्डेय, रानी कुंअर, शांति पाल, अनामिका मौर्या, साजिया बानो, प्रिया पटेल, सपना गोस्वामी, संध्या यादव, स्वेता वर्मा, सोनम सिंह सिसोदिया, आकांक्षा साहू, शेख संजीदा बानो, स्वती जायसवाल, कुमारी अनुराधा गुप्ता, स्नेहा सागर, सुनीता पाल, चित्रांसी श्रीवास्तव, माला प्रजापति, प्रियंका भारती, लक्ष्मी देवी रावत, निशा गौतम, ममता राज, कोमल वर्मा, नेहा मिश्रा को नियुक्ति पत्र वितरित किया। जिलों में भी नियुक्ति पत्र वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया।

Tags:    

Similar News