लखनऊ: राजधानी लखनऊ के माल थाना क्षेत्र में चोरों ने एक किसान के घर को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये के जेवर और नकदी पर हाथ साफ कर दिया। घटना के बाद पीड़ित परिवार ने पुलिस को सूचना दी, लेकिन थाना प्रभारी की ओर से घटना की जानकारी नहीं होने की बात कहे जाने पर ग्रामीणों में नाराजगी है।
जानकारी के मुताबिक, माल क्षेत्र के कोलवा गांव निवासी किसान जागेश्वर के घर शुक्रवार रात चोरी हुई। परिवार के लोग खाना खाने के बाद घर में ताला लगाकर पास के दूसरे मकान में सोने चले गए थे। शनिवार सुबह जब वे वापस लौटे तो घर का ताला टूटा मिला और अंदर सामान बिखरा हुआ था।
पीड़ित परिवार ने बताया कि चोरों ने घर में रखे बक्सों के ताले तोड़ दिए और उनमें रखे करीब छह लाख रुपये कीमत के जेवरात और नौ हजार रुपये नकदी चोरी कर ले गए। चोरी की जानकारी मिलने के बाद परिवार ने डायल-112 पर सूचना दी और पुलिस से कार्रवाई की मांग की। बताया जा रहा है कि चोर छत के रास्ते घर में दाखिल हुए थे। उन्होंने बड़ी सावधानी से वारदात को अंजाम दिया और किसी को भनक तक नहीं लगने दी। सुबह घटना का पता चलने के बाद आसपास के लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई।
इस मामले में पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठ रहे हैं। पीड़ितों का कहना है कि चोरी की शिकायत देने के बाद भी शुरुआती स्तर पर उन्हें संतोषजनक जवाब नहीं मिला। वहीं थाना प्रभारी ने चोरी की घटना की जानकारी होने से इनकार किया।
ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में लगातार चोरी की घटनाएं बढ़ रही हैं, जिससे लोगों में डर का माहौल है। उन्होंने पुलिस गश्त बढ़ाने और चोरों पर जल्द कार्रवाई करने की मांग की है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों और अन्य सुरागों के आधार पर चोरों तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Tags: