मैनपुरी : उत्तर प्रदेश के मैनपुरी में शनिवार को दीवानी में तारीख करने आई एक महिला का उसके ससुरालीजनों ने अपहरण करने का प्रयास किया। दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट हुई। मौके पर कई वकील तथा वादकारी पहुंच गए। वकीलों ने बीच बचाव करके पुलिस को सूचना दे दी। पुलिस मौके पर पहुंची और महिला को कोतवाली ले गई। पीड़ित महिला ने थाने में तहरीर दी है।
 फर्रुखाबाद की रहने वाली एक महिला की शादी आठ साल पहले थाना कोतवाली के एक गांव के रहने वाले युवक के साथ हुई थी। छह साल पहले उसने दो जुड़वां बच्चों को जन्म दिया। इसके बाद दंपती के बीच विवाद शुरू हो गया। विवाद बढ़ने पर महिला ससुराल से अपने मायके चली गई। वह किसी दूसरे जिले में रहकर बच्चों को पालने के लिए नौकरी करने लगी।
तारीख पर दीवानी आई थी महिला
महिला ने अपने पति से विवाह विच्छेद करने के लिए प्रधान न्यायाधीश पारिवारिक न्यायालय में मुकदमा दायर कर दिया। शनिवार को वह महिला तारीख करने के लिए दीवानी आई थी। दीवानी में वह अपने वकील के बस्ते पर जा रही थी। तभी उसके पति ने अन्य लोगों की मदद से उसको खींचने की कोशिश की। महिला के विरोध करने पर दोनों पक्षों में मारपीट हुई। महिला ने कोतवाली में तहरीर दी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
Tags: