अमरोहा : उत्तर प्रदेश के अमरोहा जिले में एक अनोखा मामला सामने आया है, जहां तीन बहनों द्वारा एक ही युवक को अपना जीवनसाथी चुनने का मामला सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गया है। शादी का वीडियो वायरल होने के बाद जहां कुछ लोगों ने इस पर आपत्ति जताई, वहीं तीनों बहनों ने पुलिस के सामने साफ कहा कि उन्होंने अपनी इच्छा से यह फैसला लिया है और वह अपने निर्णय से खुश हैं। मामले को लेकर कुछ हिंदूवादी संगठनों की ओर से भी विरोध जताया गया और पुलिस से शिकायत की गई, जिसके बाद पुलिस ने पूरे मामले की जानकारी ली।
जानकारी के अनुसार, अमरोहा नगर क्षेत्र की रहने वाली दो सगी बहनों और एक मौसेरी बहन ने बीते रविवार को एक मंदिर में पड़ोसी गांव के रहने वाले युवक से शादी की थी। तीनों बहनों का कहना है कि वह बचपन से ही एक-दूसरे के काफी करीब हैं और उनके बीच गहरा लगाव है। शादी का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद यह मामला तेजी से चर्चा में आ गया।
वीडियो सामने आने के बाद कई लोगों ने इस विवाह को लेकर सवाल उठाए और पुलिस से शिकायत की। मामला बढ़ने पर गुरुवार को तीनों बहनें अपने पति के साथ कोतवाली पहुंचीं। यहां उन्होंने पुलिस अधिकारियों से मुलाकात कर अपना पक्ष रखा। प्रभारी निरीक्षक राजेश कुमार तिवारी के सामने तीनों ने कहा कि उन्होंने अपनी मर्जी से युवक को अपना जीवनसाथी चुना है। उन्होंने बताया कि वह बालिग हैं और उन्हें अपने फैसले लेने का पूरा अधिकार है।
इसके बाद तीनों बहनें और उनका पति क्षेत्राधिकारी (सीओ) पंकज त्यागी के कार्यालय पहुंचे। यहां भी उन्होंने वही बात दोहराई। तीनों ने कहा कि वह एक-दूसरे से बहुत प्यार करती हैं और हमेशा साथ रहना चाहती हैं। उन्होंने बताया कि परिवार में जब सबसे बड़ी बहन की शादी के लिए रिश्ता तलाश किया जा रहा था तो उन्हें इस बात का डर सताने लगा कि शादी के बाद वे एक-दूसरे से अलग हो जाएंगी। इसी वजह से उन्होंने एक ही युवक को अपना जीवनसाथी चुनने का फैसला किया।
तीनों बहनों ने बताया कि उन्होंने पड़ोसी गांव में रहने वाले एक फोटोग्राफर युवक से शादी की है। उनका कहना है कि वह वर्तमान में अपने फैसले से खुश हैं और तीनों मिलकर जीवन व्यतीत कर रही हैं। पुलिस के सामने उन्होंने यह भी कहा कि समाज के कुछ लोग उनके फैसले को गलत मान रहे हैं, लेकिन इससे उन्हें कोई फर्क नहीं पड़ता।
पूछताछ के दौरान तीनों बहनों ने अपने फैसले के समर्थन में सनातन धर्म से जुड़े कई राजाओं और ऐतिहासिक उदाहरणों का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि इतिहास में भी कई ऐसी परंपराएं रही हैं, जिनका उल्लेख धार्मिक और ऐतिहासिक ग्रंथों में मिलता है। हालांकि, पुलिस ने इस मामले में फिलहाल किसी तरह की कानूनी कार्रवाई नहीं की है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले में सभी पक्षों की बात सुनी गई है। तीनों युवतियां बालिग हैं और उन्होंने अपनी इच्छा से विवाह करने की बात कही है। फिलहाल पुलिस ने मामले में कोई मुकदमा दर्ज नहीं किया है। अधिकारियों का कहना है कि यदि भविष्य में कोई शिकायत या कानूनी मामला सामने आता है तो नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
यह मामला सोशल मीडिया पर लगातार चर्चा में बना हुआ है। जहां कुछ लोग इसे असामान्य फैसला बता रहे हैं, वहीं तीनों बहनों का कहना है कि उन्होंने सोच-समझकर अपनी जिंदगी का यह निर्णय लिया है और वह अपने फैसले से पूरी तरह संतुष्ट हैं। पुलिस फिलहाल पूरे मामले पर नजर बनाए हुए है।