पीट-पीटकर किया अधमरा, लूटकर भाग रहे दो बदमाशों को भीड़ ने दबोचा

Update: 2022-08-01 09:04 GMT

न्यूज़क्रेडिट; अमरउजाला

फिरोजाबाद के जैन मंदिर चौराहे पर भीड़ ने दो बदमाशों को पकड़कर बेरहमी से पीटा, जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। ये बदमाश एक युवक का मोबाइल लूटकर भाग रहे थे।

फिरोजाबाद में शनिवार रात को युवक का मोबाइल लूटकर भाग रहे बाइक सवार दो बदमाशों को भीड़ ने दबोच लिया। इसके बाद भीड़ ने बदमाशों को पीटकर अधमरा कर दिया। आधे घंटे बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने बदमाशों को छुड़ाया। घायल बदमाशों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। दोनों की हालत गंभीर बताई गई है।

रात 12 बजे हुई घटना

घटना थाना दक्षिण के जैन मंदिर चौराहे पर हुई। जानकारी के मुताबिक रोडवेज बस अड्डे के पास देर रात तकरीबन 12 बजे एक युवक मोबाइल पर बात करते हुए जा रहा था, तभी बाइक सवार बदमाशों ने उसका मोबाइल छीन लिया और भागने लगे। शोर-शाराबा होने पर जैन मंदिर चौराहे पर लोगों ने बाइक सवार बदमाशों को पकड़ लिया।

बदमाशों की हालत गंभीर

घटनास्थल पर भीड़ जुट गई। भीड़ ने बदमाशों को बेरहमी से पीटा। पिटाई से दोनों बदमाश लहूलुहान हो गए। वहां मौजूद कुछ लोगों ने घटना का वीडियो बना लिया। सूचना के आधे घंटे बाद पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घायल बदमाशों को अस्पताल लेकर आई। दोनों की हालत गंभीर है। पुलिस बदमाशों के बारे में जानकारी जुटा रही है।


Tags:    

Similar News