उत्तर प्रदेश :  अलीगढ़ जिले में सरकारी स्कूल की बदहाल व्यवस्था देखकर राज्यमंत्री सुरेंद्र दिलेर का गुस्सा फूट पड़ा। ग्रामीणों की शिकायत पर स्कूल का निरीक्षण करने पहुंचे मंत्री को जब मुख्य गेट बंद मिला तो उन्होंने इंतजार करने के बजाय दीवार फांदकर स्कूल परिसर में प्रवेश किया। अंदर का नजारा देखकर वह हैरान रह गए।
मंत्री सुरेंद्र दिलेर अलीगढ़ के सालपुर स्थित सरकारी इंटर कॉलेज का निरीक्षण करने पहुंचे थे। रविवार होने के कारण स्कूल का गेट बंद था और कोई कर्मचारी मौके पर मौजूद नहीं था। ग्रामीणों ने पहले ही स्कूल की खराब स्थिति की शिकायत की थी, जिसके बाद मंत्री ने खुद मौके पर पहुंचकर हकीकत जानने का फैसला किया।
पांच कमरों की छत गायब देख रह गए दंग
स्कूल परिसर में प्रवेश करने के बाद मंत्री ने जब भवनों की स्थिति देखी तो वह नाराज हो गए। निरीक्षण के दौरान उन्हें पांच कमरों की छत गायब मिली। कई जगह भवन जर्जर हालत में था और स्कूल की चारदीवारी भी टूटी हुई मिली। छात्रों के लिए शौचालय जैसी मूलभूत सुविधा भी ठीक स्थिति में नहीं थी।
मंत्री ने स्कूल परिसर में फैली गंदगी और अव्यवस्थाओं पर भी नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि बच्चों को बेहतर शिक्षा देने के लिए बनाए गए सरकारी संस्थानों में इस तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
अधिकारियों से मांगा बजट का पूरा हिसाब
स्कूल की हालत देखकर राज्यमंत्री सुरेंद्र दिलेर ने मौके से ही प्रधानाचार्य और जिला विद्यालय निरीक्षक (DIOS) से बात की। उन्होंने पिछले 10 वर्षों में स्कूल को मिले बजट और उस राशि के खर्च का पूरा ब्यौरा मांगा है। साथ ही स्कूल में जरूरी सुविधाएं जल्द दुरुस्त कराने के निर्देश दिए।
मंत्री ने कहा कि शिक्षा व्यवस्था में किसी भी तरह की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। सरकारी धन का सही इस्तेमाल हुआ है या नहीं, इसकी जांच की जाएगी।
305 छात्रों के स्कूल में सुविधाओं का अभाव
जानकारी के अनुसार इस इंटर कॉलेज में कक्षा छह से 12 तक करीब 305 छात्र पंजीकृत हैं। लेकिन स्कूल में भवन, शौचालय और अन्य मूलभूत सुविधाओं की कमी सामने आई है। कार्यवाहक प्रधानाचार्य ने बताया कि मरम्मत और जरूरी सुविधाओं के लिए पहले ही प्रस्ताव भेजा जा चुका है।
ग्रामीणों का कहना है कि लंबे समय से स्कूल की हालत खराब है, लेकिन किसी ने इस ओर ध्यान नहीं दिया। मंत्री के अचानक निरीक्षण से अब उम्मीद जगी है कि स्कूल की व्यवस्था में सुधार होगा।
सोशल मीडिया पर वायरल हुई दीवार फांदने की तस्वीर
राज्यमंत्री का दीवार फांदकर स्कूल में प्रवेश करने का वीडियो और तस्वीरें सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गई हैं। लोग मंत्री के इस कदम को अलग-अलग नजरिए से देख रहे हैं। कुछ लोगों ने इसे जमीनी हकीकत जानने की पहल बताया तो कुछ ने सरकारी व्यवस्था पर सवाल उठाए।
अब देखना होगा कि मंत्री के निर्देश के बाद स्कूल की बदहाल स्थिति में कितनी जल्दी सुधार होता है और जिम्मेदार अधिकारियों पर क्या कार्रवाई की जाती है।
Tags: