पुलिस की मौजूदगी में हुए दूल्हा-दुल्हन के फेरे, जानें क्या है पूरा माजरा

पढ़े पूरी खबर

Update: 2022-05-05 17:20 GMT

लखनऊ: शादी समारोह में खाना फेंकने को लेकर हुए विवाद के बाद दूल्हे और उसके दोस्तों के साथ मारपीट कर दी गई। किसी तरह मौके से भागे दूल्हे ने थाने पहुंचकर पुलिस को पूरी जानकारी दी। गांव पहुंची पुलिस ने स्थिति को काबू करते हुए दोनों पक्षों के बीच समझौता कराया। संभल जिले के असमोली थाना क्षेत्र के गांव निवासी युवक की शादी गजरौला थाना क्षेत्र के गांव निवासी युवती के साथ तय हुई थी। गुरुवार को बारात आई थी। दूल्हे और उसके दोस्त संग बाराती खाना खा रहे थे।

आरोप है कि इसी बीच खाना खाते समय दूल्हे के दोस्तों ने खाना फेंक दिया। इसके बाद वहां खाना खिला रहे लोगों ने दूल्हे के दोस्तों के साथ माारपीट कर दी। दूल्हे ने उन्हें रोकने का प्रयास किया तो उसके साथ भी मारपीट की गई। इस दौरान बीच बचाव कर रहे दो लोग भी घायल हो गए। इसके बाद मौके से भागा दूल्हा किसी तरह कार में बैठकर थाने पहुंचा। जानकारी पुलिस को दी। गांव पहुंची पुलिस ने पूरी जानकारी की। हालांकि बाद में दोनों पक्षों के बीच समझौता हो गया।

पुलिस की मौजूदगी में हुए दूल्हा-दुल्हन के फेरे

बारात में हुए विवाद के बाद मौके पर अफरा तफरी का माहौल बन गया। दोनों पक्षों के बीच बने तनाव के मद्देनजर पुलिस मौके पर मौजूद रही। पुलिस की मौजूदगी में ही दूल्हा-दुल्हन के फेरों की रस्म पूरी की गई।
प्रभारी निरीक्षक राजेश तिवारी ने बताया, गांव में बारात के दौरान दोनों पक्षों के बीच झगड़ा हुआ था। बाद में दोनों पक्षों के बीच समझौता हो गया है। पुलिस की मौजूदगी में फेरे कराए गए हैं।
Tags:    

Similar News

-->