Kanpur कानपुर: के हंसपुरम में गोदभराई कार्यक्रम में नशे में धुत वर पक्ष ने हंगामा किया। लड़के के पिता पर वधू की भाभी से छेड़छाड़ और मारपीट का आरोप है। विवाद बढ़ने पर दहेज में बुलेट एसी और दो लाख रुपये की मांग की गई। पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई है और कार्रवाई का इंतजार है। Kanpur News में यह मामला सामने आया है।
कानपुर। हंसपुरम में गोदभराई कार्यक्रम में वधू के घर पहुंचे वर पक्ष ने जमकर नशेबाजी की। नशे में धुत लड़के के पिता ने लड़की की भाभी का हाथ पकड़कर छेड़छाड़ की और विरोध पर मारपीट की। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर जब रिश्तेदारों ने आपत्ति जताई तो लड़के के पिता ने बुलेट, एसी और दो लाख रुपये अतिरिक्त दहेज की मांग कर दी। पीड़ित परिवार ने पहले नौबस्ता थाने में शिकायत की, लेकिन कार्रवाई न होने पर गुरुवार को संयुक्त पुलिस आयुक्त से गुहार लगाई है।
हंसपुरम क्षेत्र की महिला के मुताबिक, बेटी की शादी क्षेत्र में रहने वाले युवक से तय हुई थी। गोदभराई कार्यक्रम छह जनवरी 2025 को घर पर हुआ था। आरोप है कि वर पक्ष के लोग नशे में आए थे और उनके परिवार के लोगों से अभद्रता कर रहे थे। बेटी की गोदभराई होने के चलते वह चुप रहीं, लेकिन इसी बीच लड़के के पिता ने उनकी बहू का हाथ पकड़कर छेड़छाड़ कर दी। पति ने विरोध जताया तो उन्हें थप्पड़ जड़ दिए।