Badaun बदायूंबदायूं में अलापुर थाना पुलिस ने शुक्रवार को बाइक चोरी के आरोपी को गिरफ्तार किया। पुलिस टीम उसकी निशानदेही से चोरी की बाइक बरामद करने के लिए गई।
इसी बीच आरोपी ने सिपाही की राइफल छीनकर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में पैर में गोली लगने से आरोपी घायल हो गया। पुलिस ने उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। एसएसपी डॉ. बृजेश सिंह ने बताया कि अलापुर थाना पुलिस ने ककराला के वार्ड 12 निवासी आरिफ पुत्र सद्दाम को उघेनी रोड से शुक्रवार शाम को गिरफ्तार किया था।
पुलिस की पूछताछ में आरिफ ने बताया कि उसने अपने साथी फजर अली के साथ चोरी की दो बाइकें ककराला-आलापुर रोड पर एक मजार के पास छिपा रखी हैं। पुलिस टीम उसे बाइक बरामद करने के लिए देर रात मजार के पास ले रही थी। तभी आरिफ ने सिपाही सोबित कुमार की राइफल छीनकर फायरिंग की। इस दौरान सिपाही घायल हो गए।
ककराला चौकी प्रभारी ने पुलिस टीम के बचाव में फायरिंग की, जिससे आरिफ के दाहिने पैर में गोली लग गई। आरिफ घायल होकर जमीन पर गिर गया। पुलिस ने आरिफ को इलाज के लिए जिला अस्पताल भिजवाया। उसके पास से चोरी की दो बाइकें, तमंचा व दस हजार रुपये की नकदी बरामद की है।
Tags: