बाइक सवार बदमाशों का आतंक, महिला अध्यापिका से लूटा पर्स गोली मारने की धमकी देकर हुए फरार

Update: 2023-06-08 18:04 GMT

मेरठ। मेरठ में बाइक सवार बदमाशों का आतंक चरम पर है। आज डीएम आवास और एसएसपी आफिस से चंद कदम की दूरी पर बाइक सवार बदमाशों ने एक अध्यापिका से पर्स लूट लिया।

अध्यापिका ने बदमाशों को पकड़ने की कोशिश की तो आरोपी गोली मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। महिला ने थाने पहुंचकर पुलिस को घटना की जानकारी दी। पुलिस घटनास्थल के आसपास की फुटेज खंगाल कर बदमाशों को पकड़ने का प्रयास कर रहे हैं।

बुढ़ाना गेट निवासी कल्पना निजी विद्यालय में अध्यापिका है। गुरुवार को अध्यापिका स्कूल से घर लौट रही थी। डीएम आवास के पास महिला ऑटो का इंतजार कर रही थी। तभी बाइक सवार बदमाश पीछे से आए और अध्यापिका कल्पना का पर्स लूट कर फरार हो गए। पर्स में नकदी, जरूरी दस्तावेज समेत घर की चाबियां थीं।

अध्यापिका ने बताया कि राहगीरों की मदद से बदमाशों को पकड़ने का प्रयास किया। लेकिन आरोपी गोली मारने की धमकी देकर फरार हो गए। सिविल लाइन सीओ अरविंद चौरसिया का कहना है कि अध्यापिका की तहरीर पर अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जा रहा है।

Tags:    

Similar News