Sultanpur: गोसाईंगंज क्षेत्र में दीवार गिरने से तीन मासूम बच्चों की मौत

"दो ने इलाज के दौरान तोड़ा दम"

Update: 2025-02-19 07:23 GMT

सुलतानपुर: उत्तर प्रदेश के सुलतानपुर जिले के गोसाईंगंज क्षेत्र में सोमवार शाम दीवार गिरने से हुए हादसे में तीन मासूम बच्चों की मौत हो गई। हादसे में एक बच्चे की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि गंभीर रूप से घायल दो बच्चों ने मंगलवार को इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।

पुलिस के अनुसार, हादसे में शहबान (9) की दीवार के मलबे में दबकर मौके पर ही मौत हो गई थी। गंभीर रूप से घायल इशू और सैनुद को लखनऊ रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान मंगलवार को दोनों की मौत हो गई। घटना के वक्त सात बच्चे—शहबान, सैनुद, आलिम, आरिज, सैयम, मोहम्मद इसु और असरफ—मुस्तकीन उर्फ बखेड़ू के अधूरे पक्के मकान पर खेल रहे थे। अचानक छज्जा सहित दीवार गिर गई, जिससे यह दर्दनाक हादसा हो गया।

बचाव कार्य और प्रशासनिक कार्रवाई: स्थानीय लोगों ने शोर सुनकर मलबे से बच्चों को बाहर निकाला। भटमई चौकी इंचार्ज जितेंद्र यादव और कांस्टेबल प्रमोद कुमार ने घायलों को तुरंत सुलतानपुर मेडिकल कॉलेज पहुंचाया।

मलबा हटाने के दौरान चार अन्य लोग—वारिस (24), रज्जाक (32), आफताब आलम (28) और शेहरे (42)—भी घायल हो गए। जयसिंहपुर तहसीलदार मयंक मिश्रा ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और बताया कि दीवार जर्जर होने के कारण गिरी थी। प्रशासन ने आश्वासन दिया है कि पीड़ित परिवारों को सरकार की ओर से मदद दी जाएगी।

Tags:    

Similar News