दोषियों पर होगी सख्त कार्रवाई, केशव मौर्य ने दिया छात्रों को भरोसा

Update: 2026-07-23 13:26 GMT

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने नीट परीक्षा में सामने आई अनियमितताओं को लेकर केंद्र सरकार की कार्रवाई का बचाव करते हुए कहा कि सरकार इस मामले को बेहद गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ देख रही है। उन्होंने कहा कि परीक्षा से जुड़े मामलों में शिकायतें सामने आने के बाद तत्काल जांच के आदेश दिए गए और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि नीट परीक्षा देश के लाखों छात्रों के भविष्य से जुड़ा विषय है। ऐसे में किसी भी तरह की गड़बड़ी को सरकार गंभीरता से ले रही है। उन्होंने बताया कि मामले की जांच एजेंसियों द्वारा की जा रही है और कई आरोपियों को गिरफ्तार भी किया जा चुका है। सरकार का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि परीक्षा प्रणाली की विश्वसनीयता बनी रहे और दोषियों को किसी भी स्थिति में बख्शा न जाए।

उपमुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार ने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के लिए फास्ट ट्रैक कोर्ट की व्यवस्था करने का निर्णय लिया है। इससे ऐसे मामलों में तेजी से सुनवाई हो सकेगी और अपराधियों को जल्द से जल्द कठोर सजा दिलाई जा सकेगी।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने स्पष्ट संदेश दिया है कि देश के युवाओं के भविष्य के साथ किसी भी तरह का खिलवाड़ स्वीकार नहीं किया जाएगा। मौर्य ने कहा कि छात्र शक्ति ही राष्ट्र शक्ति है और सरकार छात्रों के हितों की रक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता है कि मेहनत करने वाले विद्यार्थियों के साथ न्याय हो और परीक्षा व्यवस्था पूरी तरह पारदर्शी बनी रहे।

नीट परीक्षा को लेकर विपक्ष लगातार सरकार पर सवाल उठा रहा है। इसी मुद्दे पर प्रतिक्रिया देते हुए केशव प्रसाद मौर्य ने राज्यसभा में सदन के नेता और केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा को लेकर भी अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि जेपी नड्डा केंद्र सरकार के वरिष्ठ मंत्रियों में से एक हैं और जब सरकार किसी मंत्री को सदन में अपनी बात रखने के लिए अधिकृत करती है तो वह सरकार का आधिकारिक पक्ष प्रस्तुत करते हैं।

मौर्य ने कहा कि किसी भी बड़े मुद्दे पर निर्णय व्यक्तिगत स्तर पर नहीं लिया जाता, बल्कि मंत्रिपरिषद और संबंधित पक्षों से विचार-विमर्श के बाद संवैधानिक प्रक्रिया के तहत फैसला किया जाता है। उन्होंने कहा कि सरकार की कार्यप्रणाली लोकतांत्रिक व्यवस्था और नियमों के अनुसार संचालित होती है।

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि वह खुद उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री रह चुके हैं और उन्हें यह जानकारी होनी चाहिए कि सरकार के फैसले किस प्रक्रिया के तहत लिए जाते हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री या सरकार का कोई भी निर्णय किसी एक व्यक्ति के आधार पर नहीं होता, बल्कि मंत्रिपरिषद की सामूहिक सलाह और संवैधानिक व्यवस्था के अनुसार लिया जाता है।

उन्होंने विपक्ष से अपील की कि छात्रों से जुड़े मुद्दों पर राजनीति करने के बजाय व्यवस्था को मजबूत करने में सहयोग करना चाहिए। मौर्य ने दोहराया कि केंद्र सरकार युवाओं के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है और नीट मामले में दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Tags:    

Similar News