सोनभद्र पुलिस ने कार से गांजा बरामद कर तीन को पकड़ा
गांजा तस्करी मामले में तीन आरोपित गिरफ्तार
सोनभद्र: उत्तर प्रदेश के सोनभद्र जिले में चोपन थाना पुलिस व एसओजी की टीम ने एक संदिग्ध ब्रेजा कार से तीन गांजा तस्करों को पकड़े जाने का खुलासा मंगलवार को किया है। गिरफ्तार आरोपितों की कार से तलाशी में 01 क्विंटल 340 ग्राम अवैध गांजा बरामद की गई है। बरामद गांजा की अनुमानित कीमत लगभग 50 लाख रुपये बताई जा रही है।
एडीशनल एसपी ऋषभ रुणवाल ने मंगलवार को बताया कि मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए गए विशेष अभियान आपरेशन शुद्धि के तहत थाना चोपन पुलिस एवं एसओजी की संयुक्त टीम सोमवार की शाम प्रीतनगर क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान एसओजी टीम द्वारा सूचना दी गई कि हाथीनाला टोल प्लाजा के पास से एक संदिग्ध ब्रेजा वाहन डाला रॉबर्ट्सगंज की ओर जा रहा है। सूचना पर पुलिस टीम ने बग्घानाला पुल के पास एवं डाला क्षेत्र में चेकिंग शुरू की गई। इसी दौरान संदिग्ध ब्रेजा वाहन के ओबरा जाने वाले पुल की सर्विस लेन पर आने की सूचना प्राप्त हुई। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर समय करीब 16:25 बजे उक्त वाहन को रोक लिया गया। पुलिस टीम ने वाहन में बैठे चालक सहित तीन व्यक्तियों को हिरासत में ले लिया और वाहन की तलाशी शुरू किया। वाहन की तलाशी के दौरान आगे एवं पिछली सीट के बीच खाली स्थान तथा डिग्गी में रखे 04 बोरों से कुल 93 पैकेट बरामद हुए। जिसमें कुल 01 क्विंटल 340 ग्राम अवैध गांजा पाया गया।
एएसपी ने बताया कि पुलिस टीम ने इस मामले में छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले थाना लैलूंगा निवासी मुकुन्द यादव पुत्र सकेलन यादव व रोहित सिदार पुत्र घनश्याम सिदार और मीरजापुर जिले के हालियाथाना क्षेत्र निवासी आशीष मौर्या पुत्र लालता प्रसाद मौर्या को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपितों ने पूछताछ में बताया कि वे लोग ओडिशा से गांजा मंगवाकर अम्बिकापुर में अपने वाहन में लोड कराया था, जिसे सोनभद्र के रास्ते एक व्यक्ति निवासी नवढ़िया, थाना संतनगर, जनपद मीरजापुर को देने के लिए जा रहे थे।
पुलिस पूछताछ में यह भी प्रकाश में आया कि एक व्यक्ति द्वारा गांजा खरीदने के लिए गिरफ्तार आरोपितों से संपर्क किया गया था तथा फोन-पे के माध्यम से अलग-अलग तिथियों में धनराशि भेजी गई थी। तस्करी में शामिल व्यक्तियों के मध्य मोबाइल फोन एवं ऑनलाइन माध्यम से संपर्क एवं धनराशि का लेन-देन किया जाना प्रकाश में आया है जिसकी जांच की जा रही है। गिरफ्तार तीनों आरोपितों व बरामदगी के आधार पर एनडीपीएस एक्ट के तहत अभियोग पंजीकृत कर अग्रिम वैधानिक कार्यवाही की जा रही है।