नशे की बड़ी खेप के साथ तस्कर गिरफ्तार, मेरठ में सप्लाई से पहले ही पकड़ा गया
Meerut मेरठ : कंकरखेड़ा पुलिस व एएनटीएफ की टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए हाईवे पर एक करोड़ की चरस के साथ आरोपी सत्येंद्र को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस उससे पूछताछ कर रही है।
आरोपी बरेली से भारी मात्रा में चरस लेकर मेरठ आया था। एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह ने बताया कि रविवार सुबह पुलिस को सूचना मिली कि एक युवक भारी मात्रा में चरस लेकर मेरठ आ रहा है। थाना पुलिस व एएनटीएफ की टीम ने हाईवे पर घेराबंदी शुरू कर दी। टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी सत्येंद्र को पकड़ लिया। पुलिस को आरोपी के पास से 10 किलो चरस बरामद हुई।
जिसकी अंतर्राष्ट्रीय बाजार में कीमत एक करोड़ रुपए बताई जा रही है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है। उसके खिलाफ लालकुर्ती व मेडिकल थाने में केस दर्ज हैं। पुलिस पूछताछ में उसने बताया की वह बरेली से चरस लेकर मेरठ आया था। चरस आसपास के क्षेत्र में सप्लाई करनी थी। एसपी सिटी का कहना हैं कि पूछताछ की जा रही है। केस दर्ज कर आरोपी को जेल भेजा जाएगा।