Shamli: “आयुष आपके द्वार” के अंतर्गत शामली में संपन्न हुआ योग-आयुर्वेद शिविर
शामली: ग्राम पंचायत सल्फा, जनपद शामली में आज “आयुष आपके द्वार” अभियान के अंतर्गत एक भव्य योग एवं आयुर्वेदिक चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम जिला अधिकारी के निर्देशानुसार, क्षेत्रीय आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी डॉ. ईसम पाल के मार्गदर्शन में सम्पन्न हुआ। शिविर का संचालन राजकीय आयुर्वेदिक चिकित्सालय रसूलपुर गुजरान के चिकित्साधिकारी डॉ. सुधीर कुमार द्वारा किया गया।
इस अवसर पर योगाचार्य राजेंद्र सिंह एवं श्रीमती रोहिणी सिंह द्वारा आगामी अंतरराष्ट्रीय योग दिवस (21 जून) की तैयारियों के तहत योग प्रोटोकॉल के अनुसार ग्रामीणों को योगाभ्यास कराया गया। साथ ही उपस्थित योग साधकों को 21 जून को किसान इंटर कॉलेज, शामली में आयोजित होने वाले विशाल योग कार्यक्रम में भाग लेने के लिए प्रेरित किया गया।
डॉ. ईसम पाल ने जानकारी दी कि जनपद के सभी राजकीय आयुर्वेदिक चिकित्सालयों में प्रशिक्षित योगाचार्यों के माध्यम से 21 जून तक नियमित योग अभ्यास सत्र आयोजित किए जा रहे हैं, ताकि अंतरराष्ट्रीय योग दिवस को व्यापक स्तर पर मनाया जा सके।
चिकित्सा शिविर में डॉ. सुधीर मलिक ने ग्रीष्म ऋतु के अनुरूप आहार-विहार और दिनचर्या पर ग्रामीणों को उपयोगी सुझाव दिए तथा विविध व्याधियों की जांच एवं उपचार भी किया। इस शिविर में फार्मासिस्ट प्रकाश, वार्ड बॉय जनेश्वर प्रसाद, जिला कार्यक्रम प्रबंधक जयंत कुमार एवं ग्राम प्रधान का विशेष सहयोग रहा। शिविर में लगभग 100 ग्रामीणों ने लाभ उठाया और कार्यक्रम को अत्यंत सफल बनाया